Rashid Khan: अफगानिस्तान में डर के साए में राशिद खान, सुरक्षा के लिए खरीदी बुलेट प्रूफ कार

Sandesh Wahak Digital Desk: अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर राशिद खान ने अपने देश के मौजूदा हालात को लेकर चौंकाने वाला बयान दिया है।

तालिबान शासन के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए राशिद ने कहा कि वह अफगानिस्तान में खुद को पूरी तरह सुरक्षित महसूस नहीं करते, इसी वजह से उन्हें बुलेट प्रूफ कार में सफर करना पड़ता है।

केविन पीटरसन से बातचीत में सामने आई सच्चाई

यह खुलासा इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन को दिए गए एक इंटरव्यू के दौरान हुआ, जिसका वीडियो पीटरसन ने सोशल मीडिया पर साझा किया है।

बातचीत में जब पीटरसन ने पूछा कि क्या वह आम लोगों की तरह सड़क पर घूम सकते हैं, तो राशिद खान ने साफ कहा कि ऐसा संभव नहीं है।

Rashid Khan

राशिद खान ने बताया कि वह न तो खुलेआम घूम सकते हैं और न ही एक सामान्य कार में यात्रा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि उनके पास अपनी बुलेट प्रूफ कार है, जिसमें ही वह आवाजाही करते हैं। इस जवाब पर केविन पीटरसन भी हैरान नजर आए।

सुरक्षा के लिए जरूरी है बुलेट प्रूफ कार

राशिद ने स्पष्ट किया कि बुलेट प्रूफ कार उनकी सुरक्षा के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि जरूरी नहीं कि कोई सीधे तौर पर नुकसान पहुंचाए, लेकिन हालात ऐसे हैं कि कभी भी, कहीं भी अप्रत्याशित स्थिति बन सकती है। कई बार लोग अचानक कार के दरवाजे खोलने की कोशिश करते हैं, ऐसे में बुलेट प्रूफ कार उन्हें सुरक्षित महसूस कराती है।

अफगानिस्तान में बुलेट प्रूफ गाड़ियां आम बात

जब पीटरसन ने पूछा कि क्या यह कार खासतौर पर उनके लिए डिजाइन की गई है, तो राशिद खान ने बताया कि अफगानिस्तान में बुलेट प्रूफ कार का इस्तेमाल आम है। कई लोग सुरक्षा कारणों से ऐसी गाड़ियों का प्रयोग करते हैं और यह वहां असामान्य नहीं माना जाता।

अफगान क्रिकेट के सबसे बड़े सितारे

गौरतलब है कि राशिद खान अफगानिस्तान के सबसे बड़े क्रिकेट सुपरस्टार हैं। उनकी सफलता ने देश में क्रिकेट को नई पहचान दिलाई है।

साल 2015 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने वाले राशिद अब तक अफगानिस्तान के लिए 6 टेस्ट, 117 वनडे और 108 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेल चुके हैं।

इसके अलावा वह दुनिया की कई टी20 लीगों में खेल चुके हैं और आईपीएल में गुजरात टाइटंस के अहम खिलाड़ी हैं।

Also Read: Ashes में करारी हार के बीच इंग्लैंड टीम पर शराब सेवन के आरोप, मैनेजर ने दिए जांच के संकेत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.