क्रिसिल की रिपोर्ट : FY25 में महंगाई 4% रहने का अनुमान, GDP ग्रोथ 6.5% पर स्थिर

Sandesh Wahak Digital Desk : रेटिंग एजेंसी क्रिसिल (Rating Agency Crisil) ने अपनी नई रिपोर्ट में वित्त वर्ष 2025-26 में खुदरा महंगाई (CPI) के 4% पर रहने का अनुमान जताया है, जो पिछले वित्त वर्ष (FY24) के 4.6% से कम है। एजेंसी का मानना है कि खाद्य महंगाई में कमी आएगी, क्योंकि IMD ने सामान्य से अधिक मॉनसून का पूर्वानुमान लगाया है। वहीं, गैर-खाद्य महंगाई भी अंतरराष्ट्रीय वस्तुओं की कीमतों में गिरावट के चलते नियंत्रण में रह सकती है।

क्रिसिल ने FY25 में भारत की GDP वृद्धि दर 6.5% रहने का अनुमान लगाया है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय हालात इसमें जोखिम पैदा कर सकते हैं। अमेरिका द्वारा टैरिफ बढ़ाने जैसे कदम निर्यात को प्रभावित कर सकते हैं, जबकि अच्छा मॉनसून और रेपो रेट में कटौती घरेलू अर्थव्यवस्था को सहारा दे सकते हैं।

बैंकिंग सिस्टम में लिक्विडिटी पर्याप्त, लेकिन क्रेडिट ग्रोथ सुस्त

रिपोर्ट के मुताबिक, बैंकिंग सिस्टम में लिक्विडिटी पर्याप्त है, जिससे वित्तीय स्थितियों को सहारा मिलेगा। हालांकि, पूंजी प्रवाह और रुपये की अस्थिरता बनी रह सकती है। बैंक क्रेडिट ग्रोथ में भी कमजोरी देखी गई है—मई 2025 तक के आंकड़ों के अनुसार, पहली तिमाही में ऋण वृद्धि धीमी रही।

रेपो रेट में एक और कटौती संभव

महंगाई में नरमी के मद्देनजर, RBI की मौद्रिक नीति समिति (MPC) इस साल एक बार फिर रेपो रेट में कटौती कर सकती है। जून 2025 में हुई बैठक में MPC ने रेपो रेट में 50 बेसिस प्वाइंट की कटौती कर इसे 5.5% कर दिया था।

कच्चे तेल की कीमतों ने बढ़ाया दबाव

हालांकि, वैश्विक अस्थिरता, खासकर कच्चे तेल की कीमतों में उछाल, बाजारों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। जून 2025 में कच्चा तेल 80 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर पहुंच गया, जिसका असर बॉन्ड यील्ड, शेयर बाजार और रुपए पर पड़ा है।

 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.