लखनऊ में आज 117 जगहों पर रावण दहन, डेढ़ घंटे होगी आतिशबाजी; प्रशासन अलर्ट
Sandesh Wahak Digital Desk: विजयादशमी के पावन पर्व पर गुरुवार को राजधानी लखनऊ जयघोष और आतिशबाजी से गूंज उठेगी। शहर के 117 अलग-अलग स्थलों पर रावण दहन और मेले का भव्य आयोजन किया जाएगा। इन आयोजनों में सबसे बड़ा आकर्षण ऐशबाग रामलीला मैदान में होगा, जहां 65 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा।
ऐशबाग में 12 हजार से अधिक श्रद्धालु जुटने की संभावना
ऐशबाग रामलीला मैदान में रावण दहन से पहले करीब डेढ़ घंटे तक रंग-बिरंगी आतिशबाजी आसमान को रोशन करेगी। यह राजधानी का सबसे बड़ा आयोजन है, जिसमें 12 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है। सांसद दिनेश शर्मा कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य को भी आयोजन का निमंत्रण दिया गया है।
तो वहीं ऐशबाग के अलावा, वजीरगंज, जानकीपुरम, आलमबाग, हजरतगंज, चौक और बाजारखाला के रामलीला मैदानों में भी रावण दहन और मेले की धूम रहेगी। जानकीपुरम में 40 फीट ऊंचा रावण जलाया जाएगा, जबकि बाजारखाला में सजीव झांकियाँ और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम: 58 इंस्पेक्टर और ड्रोन की तैनाती
दशहरा पर्व पर शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस-प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। ऐशबाग और अन्य बड़े आयोजनों पर ड्रोन कैमरों से कड़ी निगरानी रखी जाएगी। संयुक्त पुलिस आयुक्त बबलू कुमार ने बताया कि 117 स्थलों के लिए 58 निरीक्षक (इंस्पेक्टर), 423 उपनिरीक्षक, 419 दीवान-सिपाही, 165 महिला सिपाही और चार प्लाटून पीएसी की तैनाती की गई है। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा के मद्देनज़र सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। साथ ही, अफवाहों पर लगाम लगाने के लिए सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
Also Read: लखनऊ में ‘मां की ज्योति यात्रा’ के गाने पर बवाल, नशे में धुत युवकों ने किया पथराव, 3 घायल

