RCB के चैम्पियन कप्तान रजत पाटीदार का MPPL में फीका आगाज, जीत के नायक बने माधव तिवारी
Sandesh Wahak Digital Desk: मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग (MPPL) 2026 का आगाज धमाकेदार अंदाज़ में हुआ, लेकिन हाल ही में आईपीएल में खिताबी कप्तानी कर चुके रजत पाटीदार के लिए पहला मुकाबला यादगार नहीं बन सका।
उद्घाटन मैच में उनकी कप्तानी वाली ग्वालियर चीता को उज्जैन फाल्कंस ने 92 रन के बड़े अंतर से शिकस्त देकर टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत की।
3 जून (बुधवार) को इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में उज्जैन फाल्कंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 221 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
जवाब में ग्वालियर चीता की टीम लक्ष्य का दबाव नहीं झेल सकी और 14.2 ओवर में 129 रन पर ऑलआउट हो गई।
पाटीदार से थीं बड़ी उम्मीदें, लेकिन नहीं आई बड़ी पारी
222 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ग्वालियर चीता को कप्तान रजत पाटीदार से बड़ी पारी की दरकार थी।

हालांकि, वह नंबर-5 पर बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 8 गेंदों में 11 रन बनाकर ऋषि मिगलानी की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए। आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के बाद MPPL में उनका यह प्रदर्शन फैन्स के लिए निराशाजनक रहा।
उज्जैन फाल्कंस की बल्लेबाजी का जलवा
उज्जैन फाल्कंस की ओर से यश दुबे ने 26 गेंदों में 37 रन बनाए, जबकि कप्तान चंचल राठौर ने 17 गेंदों पर 33 रन की तेज पारी खेली।
मध्यक्रम में माधव तिवारी ने मैच का रुख पूरी तरह बदलते हुए 31 गेंदों में 62 रन ठोके, जिसमें 4 चौके और 5 छक्के शामिल थे। आर्यन पांडे ने भी 7 गेंदों में 19 रन बनाकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया।
गेंदबाजों ने दिलाई एकतरफा जीत
लक्ष्य का पीछा करते हुए ग्वालियर चीता की शुरुआत खराब रही। पार्थ चौधरी (46 रन) के अलावा कोई भी बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सका।
उज्जैन की ओर से आयुष मानकर ने 4 ओवर में 31 रन देकर 3 विकेट झटके, जबकि माधव तिवारी ने ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 2 विकेट भी अपने नाम किए। गजेंद्र गोस्वामी ने भी 2 सफलताएं हासिल कीं।
उज्जैन का दमदार आगाज, ग्वालियर को करनी होगी वापसी
MPPL 2026 का पहला मुकाबला पूरी तरह उज्जैन फाल्कंस के नाम रहा। वहीं रजत पाटीदार और ग्वालियर चीता के लिए यह हार एक बड़ा सबक साबित हो सकती है। टीम को अगले मुकाबलों में बेहतर रणनीति और प्रदर्शन के साथ वापसी की उम्मीद रहेगी।
MPPL 2026 का शेड्यूल
MPPL 2026 में कुल 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 26 जून को इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि दोनों सेमीफाइनल 25 जून को इसी मैदान पर होंगे।
Also Read: Suryakumar की कप्तानी छिनी, टीम से भी बाहर, SKY के बाद अब किसकी बारी?

