उन्नाव में डिप्टी CM का रियलिटी चेक, अधिकारियों से बोले- योजनाएं जमीन पर दिखें, किसी गरीब को तकलीफ न हो
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को उन्नाव पहुंचे और उन्होंने जिले में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने साफ शब्दों में अधिकारियों से कहा कि सरकार की सभी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के हर जरूरतमंद तक पहुँचना चाहिए। अगर कहीं भी लापरवाही की शिकायत मिली, तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उपमुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की, जिनमें किसानों को खाद की उपलब्धता, किसान सम्मान निधि, पेंशन योजनाएं, आवास योजना, धान खरीद, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएँ शामिल थीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों को खाद आसानी से मिले और समितियों में कोई गड़बड़ी न हो।
लापरवाह अधिकारियों को चेतावनी
केशव प्रसाद मौर्य ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए लापरवाह कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि ओवरलोडिंग की समस्या को जल्द से जल्द दूर किया जाए और तय समय पर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और आईजीआरएस पोर्टल पर आने वाली शिकायतों के समय पर और प्रभावी निस्तारण पर भी जोर दिया।
बाढ़ पीड़ितों को मिला भरोसा
उपमुख्यमंत्री ने जिले में बाढ़ की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बारिश में जिनके घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं, उनका तुरंत सर्वे कराकर उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाया जाए। साथ ही, जानमाल के नुकसान की भरपाई भी तुरंत की जाए। इस दौरान, उपमुख्यमंत्री ने जिले में मिड-डे मील में मशरूम शामिल करने और लंबित पैमाइश के मामलों को खत्म करने के लिए जिलाधिकारी गौरांग राठी की तारीफ की। अपनी समीक्षा बैठक से पहले, उपमुख्यमंत्री ने सांसद साक्षी महाराज के आवास पर शहीद गुलाब सिंह लोधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने दिव्यांगों को ट्राईसाइकिल और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को प्रमाण पत्र भी बांटे।
Also Read: PM मोदी और उनकी दिवंगत मां के AI वीडियो पर हंगामा, कांग्रेस IT सेल के खिलाफ FIR दर्ज

