यूपी पुलिस में सब-इंस्पेक्टर सहित 4543 पदों पर भर्ती शुरू, जानिए डिटेल

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने पुलिस विभाग में विभिन्न पदों पर सीधी भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। मंगलवार से ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जा रहे हैं।

यह भर्ती उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस, पीएसी के प्लाटून कमांडर, विशेष सुरक्षा बल के प्लाटून कमांडर और पीएसी की महिला वाहिनी में महिला प्लाटून कमांडर के लिए है। कुल मिलाकर 4,543 पदों पर भर्ती की जाएगी, जिसमें उपनिरीक्षक के 4,242 पद, पीएसी के प्लाटून कमांडर के 135 पद, विशेष सुरक्षा बल के प्लाटून कमांडर के 60 पद और महिला प्लाटून कमांडर के 106 पद शामिल हैं।

आवेदन की अंतिम तिथि और आयु सीमा में छूट

  • ऑनलाइन आवेदन और शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि: 11 सितंबर, 2025
  • शुल्क समायोजन की अंतिम तिथि: 13 सितंबर, 2025

इस भर्ती में सभी श्रेणियों के उम्मीदवारों को आयु सीमा में 3 साल की छूट दी जाएगी। आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) कराना अनिवार्य है, जो 31 जुलाई से शुरू हुआ था। अब तक 3.50 लाख से अधिक उम्मीदवार पंजीकरण करा चुके हैं।

भर्ती प्रक्रिया और चेतावनी

भर्ती प्रक्रिया कई चरणों में होगी, जिसमें लिखित परीक्षा, दस्तावेजों की जांच, शारीरिक मानक परीक्षण और शारीरिक दक्षता परीक्षा शामिल है। भर्ती के दौरान, उम्मीदवारों का बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा, जिसमें फोटो, फिंगरप्रिंट और आईरिश स्कैन शामिल हैं। इसके अलावा, आधार-आधारित केवाईसी भी की जाएगी और आवेदन पत्र में उम्मीदवार की लाइव फोटो ली जाएगी।

बोर्ड ने सख्त चेतावनी दी है कि शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान किसी भी उम्मीदवार द्वारा स्टेरॉयड या उत्तेजक पदार्थों का सेवन करना अनुचित आचरण माना जाएगा। ऐसा करने वाले उम्मीदवारों का आवेदन रद्द कर कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है। अधिक जानकारी के लिए उम्मीदवार बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट देख सकते हैं।

 

Also Read: Jaunpur News: शाहगंज मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, बस और ट्रक की टक्कर में 5 की मौत, कई घायल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.