दिल्ली में धमाके के बाद लाल किला 3 दिन के लिए बंद, पूरे शहर में हाई अलर्ट
Sandesh Wahak Digital Desk: देश की राजधानी दिल्ली सोमवार (10 नवंबर) की शाम उस वक्त दहल गई जब लाल किले मेट्रो स्टेशन के पास एक चलती कार में जोरदार धमाका हो गया। धमाके की आवाज़ इतनी तेज़ थी कि आसपास अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही देर में पुलिस, फॉरेंसिक टीम और बम निरोधक दस्ते मौके पर पहुंच गए और पूरे इलाके को घेर लिया गया। फिलहाल पुलिस ने कहा है कि जांच जारी है और सुरक्षा कारणों से लाल किला (Red Fort) अगले तीन दिनों तक आम जनता के लिए बंद रहेगा।
यातायात पर असर, नेताजी सुभाष मार्ग सील
वहीं इस घटना के बाद दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आज (11 नवंबर) सुबह से ही नेताजी सुभाष मार्ग के दोनों ओर के रास्तों और सर्विस रोड को बंद कर दिया है। चट्टा रेल कट से लेकर सुभाष मार्ग कट तक किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। वहीं ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके। इन प्रतिबंधों को सुबह 6 बजे से अगले आदेश तक लागू रखा गया है।
धमाके के बाद दिल्ली में हाई अलर्ट
वहीं इस कार धमाके के बाद दिल्ली पुलिस ने पूरे शहर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। आईजीआई एयरपोर्ट, इंडिया गेट, संसद भवन समेत सभी संवेदनशील इलाकों में चेकिंग बढ़ा दी गई है। सीमाई इलाकों पर भी निगरानी तेज कर दी गई है। हर गाड़ी की जांच की जा रही है और पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत दें।
सुरक्षा कारणों से लाल किला बंद
इस घटना के बाद भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) ने सुरक्षा के मद्देनज़र लाल किला को तीन दिनों के लिए बंद करने का आदेश दिया है। इस अवधि में कोई भी पर्यटक या नागरिक परिसर में प्रवेश नहीं कर सकेगा। अधिकारियों का कहना है कि यह फैसला पूरी तरह एहतियाती कदम है ताकि जांच और सुरक्षा व्यवस्था में कोई बाधा न आए।
जांच में जुटी एजेंसियां
वहीं दिल्ली पुलिस की कई विशेष टीमें, एफएसएल और एनएसजी के विशेषज्ञ मौके पर मौजूद हैं। डीसीपी नॉर्थ राजा बंथिया ने पत्रकारों को बताया कि, मामले में यूएपीए, विस्फोटक अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा, जांच शुरुआती चरण में है, हर संभव सबूत इकट्ठा किए जा रहे हैं। इस समय किसी नतीजे पर पहुँचना जल्दबाजी होगी। डीसीपी के मुताबिक, एलएनजेपी अस्पताल में पोस्टमार्टम जारी हैं। अब तक पांच पोस्टमार्टम पूरे हो चुके हैं, छह शवों की पहचान की जा चुकी है और एक-दो अज्ञात शवों की पहचान का प्रयास जारी है। फिलहाल जांच एजेंसियां हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही हैं और दिल्ली पुलिस ने लोगों से शांति और सतर्कता बनाए रखने की अपील की है।
Also Read: तेज गेंदबाज नसीम शाह के घर पर अज्ञात हमलावरों बरसाई गोलियां, बाल-बाल बचे परिवार के लोग

