थोड़ी देर में होगा रेखा गुप्ता का राजतिलक, PM मोदी समेत कई हस्तियां लेंगी शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा
Delhi New CM Rekha Gupta: दिल्ली की नई मुख्यमंत्री के रूप में रेखा गुप्ता आज (20 फरवरी 2025) ऐतिहासिक रामलीला मैदान में शपथ लेंगी। यह समारोह आज दोपहर 12 बजकर 35 मिनट पर आयोजित होगा, जिसमें दिल्ली के उपराज्यपाल रेखा गुप्ता को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाएंगे।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित केंद्रीय मंत्री भी शामिल होंगे, और एनडीए शासित 20 राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत करेंगे। धर्म, उद्योग, फिल्म और क्रिकेट जगत की प्रमुख हस्तियों के अलावा 16,000 से अधिक नागरिक इस ऐतिहासिक घटना के गवाह बनेंगे।
शपथ ग्रहण से पहले भाजपा विधायक अनिल गोयल ने कहा, “रेखा गुप्ता के नेतृत्व में हमारी सरकार जमीन पर तेजी से कार्रवाई करेगी। उन्हें यह जिम्मेदारी सिर्फ इसलिये नहीं दी गई है, क्योंकि वह एक महिला हैं, बल्कि इसलिए दी गई है, क्योंकि वह इस जिम्मेदारी को निभाने में सक्षम हैं।” वहीं विधायक गजेंद्र यादव ने भी रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली के विकास के भाजपा के सपने को साकार करने का विश्वास व्यक्त किया।
भा.ज.पा. के नेताओं का कहना है कि रेखा गुप्ता के नेतृत्व में प्रधानमंत्री मोदी के विजन को पूरा किया जाएगा और जो गारंटी पीएम मोदी ने दी है, उसे पूरा किया जाएगा। भाजपा ने आम आदमी पार्टी पर जनता के साथ छल करने का आरोप भी लगाया है।
रेखा गुप्ता की शपथ के साथ ही दिल्ली में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी, जो कई विकासात्मक योजनाओं को लेकर जनता को नई उम्मीदें दे रही है।
Also Read: जौनपुर में भीषण सड़क हादसा, आठ श्रद्धालुओं की मौत, 30 से अधिक लोग घायल

