योगी आदित्यनाथ पर बनी बायोपिक अजेय की रिलीज डेट का ऐलान, जानें कब होगी रिलीज

Sandesh Wahak Digital Desk: बायोपिक फिल्मों का चलन लगातार बढ़ रहा है और अब इस लिस्ट में एक नया नाम उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जुड़ गया है। उनके जीवन पर बनी फिल्म ‘अजेय: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ ए योगी’ को आखिरकार रिलीज की नई तारीख मिल गई है। यह फिल्म अब 19 सितंबर को देश भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

फिल्म पहले 1 अगस्त को रिलीज होने वाली थी, लेकिन सेंसर बोर्ड से हरी झंडी मिलने में देरी के कारण इसकी रिलीज टालनी पड़ी। निर्माताओं को काफी इंतजार करना पड़ा, जिसके बाद उन्होंने बॉम्बे हाईकोर्ट का रुख किया। वहां से राहत मिलने के बाद अब फिल्म की नई तारीख का ऐलान किया गया है। फिल्म के मेकर्स ने सोशल मीडिया पर इस बात की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ‘अजेय’ सिर्फ एक नेता की कहानी नहीं है, बल्कि एक ऐसे संत की यात्रा है जिसने राजनीति में कदम रखकर देश के सबसे बड़े राज्य की कमान संभाली।

दमदार कलाकारों की फौज और शानदार कहानी

फिल्म में अनंत जोशी मुख्य भूमिका में हैं, जबकि भोजपुरी सुपरस्टार दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’, परेश रावल, पवन मल्होत्रा और सौरभ शुक्ला जैसे कई जाने-माने कलाकार भी अहम रोल में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन रविंद्र गौतम ने किया है और इसका संगीत मीत ब्रदर्स ने तैयार किया है।

अजेय की कहानी लेखक शांतनु गुप्ता की मशहूर किताब ‘द मॉन्क हू बिकेम चीफ मिनिस्टर’ पर आधारित है। फिल्म के ट्रेलर से साफ है कि यह योगी आदित्यनाथ के एक संत से मुख्यमंत्री बनने तक के संघर्ष को दिखाती है। फैंस इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

Also Read: Azamgarh News: सड़क किनारे बोरी में मिला प्रतिबंधित मांस, इलाके में मची सनसनी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.