Lucknow में हाउस टैक्स बकायेदारों को बड़ी राहत, OTS योजना से 100% ब्याज होगा माफ
Lucknow: राजधानी लखनऊ के करीब 2.43 लाख भवन स्वामियों के लिए राहत भरी खबर है। उत्तर प्रदेश सरकार ने हाउस टैक्स बकायेदारों के लिए एकमुश्त समाधान योजना (OTS) लागू कर दी है। इस योजना के तहत यदि बकायेदार निर्धारित अवधि में अपना मूल हाउस टैक्स जमा कर देते हैं, तो उन पर लगा 100 प्रतिशत ब्याज पूरी तरह माफ कर दिया जाएगा। इससे लाखों लोगों को बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी, वहीं नगर निगम को वर्षों से फंसा राजस्व मिलने की उम्मीद है।
650 करोड़ रुपये से ज्यादा का हाउस टैक्स बकाया
Lucknow नगर निगम के आंकड़ों के मुताबिक, लखनऊ में 2,43,479 भवन स्वामियों पर कुल 650.15 करोड़ रुपये का हाउस टैक्स बकाया है। इसमें 426.70 करोड़ रुपये मूल टैक्स और 223.45 करोड़ रुपये ब्याज शामिल हैं।
OTS योजना के तहत केवल मूल टैक्स जमा करने पर पूरा ब्याज माफ कर दिया जाएगा। यानी नागरिकों को 223 करोड़ रुपये से अधिक की सीधी राहत मिलेगी, जबकि नगर निगम को लंबे समय से अटका राजस्व मिलने का रास्ता साफ होगा।
इन जोनों में सबसे ज्यादा बकायेदार
Lucknow नगर निगम के जोनवार आंकड़ों के अनुसार:
- जोन-6: 62,511 भवन, 90.67 करोड़ रुपये बकाया
- जोन-1: 24,705 भवन, 167.06 करोड़ रुपये बकाया
- जोन-8: 109.90 करोड़ रुपये बकाया
- जोन-4: 65.70 करोड़ रुपये बकाया
- जोन-3: 62.05 करोड़ रुपये बकाया
नगर निगम ने क्यों शुरू की OTS योजना?
नगर निगम अधिकारियों का मानना है कि ब्याज माफी के बाद बड़ी संख्या में लोग अपना बकाया टैक्स जमा करेंगे। इससे निगम की आय बढ़ेगी और शहर में विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त धन उपलब्ध होगा।
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अशोक सिंह ने सभी बकायेदार भवन स्वामियों से OTS योजना का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह योजना सीमित समय के लिए लागू की गई है। निर्धारित अवधि के बाद बकाया न चुकाने वालों के खिलाफ वसूली अभियान और सख्त कार्रवाई तेज की जा सकती है।
Also Read: Lucknow का ऐशबाग बना नया अमृत स्टेशन, PM मोदी ने किया वर्चुअल लोकार्पण, होगी ये सुविधाएं

