गणतंत्र दिवस 2026: सीएम योगी ने फहराया तिरंगा, बोले- ‘साकार हो रहा एक भारत-श्रेष्ठ भारत का सपना’

Sandesh Wahak Digital Desk: आज पूरा देश 77वां गणतंत्र दिवस पूरे जोश और उत्साह के साथ मना रहा है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी इस राष्ट्रीय पर्व की धूम है। सुबह-सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास (5 कालिदास मार्ग) पर तिरंगा फहराया और राष्ट्रध्वज को सलामी दी।

तिरंगा फहराने के बाद सीएम योगी ने समस्त प्रदेशवासियों और देशवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

महापुरुषों को किया याद, संविधान की महत्ता पर दिया जोर

इस खास अवसर पर मुख्यमंत्री ने संविधान निर्माताओं और स्वाधीनता सेनानियों को नमन किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा “पिछले 76 वर्षों की इस यात्रा में हमारे संविधान ने कई उतार-चढ़ाव देखे हैं, लेकिन आज भी यह हमारी एकता का सबसे बड़ा सूत्र है।”

सीएम ने कहा कि आज देश उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। हम सभी एक नए और समर्थ भारत के दर्शन कर रहे हैं। उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद और संविधान के शिल्पी बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर को याद करते हुए उनके योगदान को सराहा।

राजधानी में जश्न का माहौल

मुख्यमंत्री आवास पर ध्वजारोहण के बाद, विधानभवन के सामने मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहाँ प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता और सैन्य ताकत की भव्य झलक देखने को मिली। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच लखनऊ की सड़कों पर तिरंगे की शान और देशभक्ति के गीतों ने माहौल को पूरी तरह उत्सवमयी बना दिया है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.