Hathras News: घर में घुसकर रिटायर्ड फौजी और पत्नी की गला रेतकर हत्या, पुलिस जांच में जुटी
Hathras News: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कोतवाली सादाबाद क्षेत्र में अज्ञात हमलावरों ने एक बुजुर्ग दंपति की धारदार हथियार से गला काटकर बेदर्दी से हत्या कर दी। मृतकों की पहचान 58 वर्षीय रिटायर्ड फौजी शमशुद्दीन और उनकी पत्नी सद्दो के रूप में हुई है। घर के अंदर दोनों के लहूलुहान शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, पूर्व फौजी शमशुद्दीन अपनी पत्नी सद्दो के साथ सादाबाद बायपास मार्ग स्थित ताज बॉडी के पास अपने मकान में रहते थे। रविवार सुबह करीब 9:30 बजे तक जब उनके घर का मुख्य दरवाजा नहीं खुला, तो पड़ोसियों को किसी अनहोनी की शंका हुई। आसपास के लोगों ने जब परिजनों की सहायता से दरवाजा खुलवाया, तो अंदर का दृश्य देखकर सबके होश उड़ गए। फर्श पर शमशुद्दीन और उनकी पत्नी सद्दो के शव खून से लथपथ पड़े हुए थे।
हाथरस बिग ब्रेकिंग
हाथरस में रिटायर्ड फौजी और उसकी पत्नी की बेरहमी से हत्या
चाकुओं से गोदकर रिटायर्ड फौजी और उसकी पत्नी को उतारा मौत के घाट
घर के अंदर फर्स पर लहूलुहान हालात में पड़े मिले दोनों के शव
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में फैली सनसनी
सूचना के बाद एसपी हाथरस,… pic.twitter.com/Ojc2Sbb4zH
— Hathras 24 (@hathras24) September 27, 2026
फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने जुटाए साक्ष्य
दोहरे हत्याकांड की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। भारी पुलिस बल के साथ वरिष्ठ अधिकारी, फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड और सर्विलांस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी हाथरस चिरंजीवी नाथ सिन्हा ने बताया कि सुबह करीब 9:30 बजे सादाबाद कस्बे से बुजुर्ग दंपति की हत्या की सूचना मिली थी। प्रथम दृष्टया मामला किसी धारदार हथियार से हत्या का लग रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। एसपी ने आश्वासन दिया कि घटना के त्वरित खुलासे के लिए 5 विशेष टीमों का गठन कर दिया गया है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Also Read: संतकबीरनगर में बारिश से ढही मिट्टी की दीवार, छप्पर के नीचे दबकर मासूम समेत 4 लोग घायल

