Lucknow News: चंदौली से 50 हजार का इनामी गैंगस्टर वाराणसी में गिरफ्तार

Lucknow News: उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए गैंगस्टर एक्ट में वांछित और 50,000 रुपये के इनामी बदमाश अरमान पुत्र बरकत अली को गिरफ्तार किया है। यह वांछित अपराधी चंदौली जनपद में कई गंभीर अपराधों में शामिल था और लंबे समय से फरार चल रहा था।

जुरई पुरवा, थाना मुसाफिरखाना, जनपद अमेठी निवासी अरमान पुत्र बरकत अली की गिरफ्तारी गुरुवार की रात लगभग 8:30 बजे वाराणसी के रामनगर भीटी बाईपास स्थित प्रधान ढाबा के पास से हुई। वह थाना सैय्यदराजा, चंदौली में गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहा था।

गोवंशीय पशुओं की तस्करी में था सक्रिय

एसटीएफ की टीम को सूचना मिली थी कि वांछित अपराधी अरमान रामनगर भीटी बाईपास पर मौजूद है। सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक लाल प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने घेराबंदी कर अरमान को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अरमान ने बताया कि वह एक संगठित गिरोह चलाता है, जो उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब समेत कई राज्यों से गोवंशीय पशुओं की तस्करी कर उन्हें असम और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों तक पहुँचाता है।

गिरफ्तार आरोपी अक्टूबर 2023 में गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज होने के बाद से लगातार हरियाणा, मुंबई, दिल्ली और अहमदाबाद जैसे शहरों में छिप कर रह रहा था। उसके खिलाफ न्यायालय से NBW (गैर-जमानती वारंट) और कुर्की की कार्रवाई भी हो चुकी है।

अरमान के खिलाफ अमेठी और चंदौली जनपद में गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट सहित कुल 5 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए थाना सैय्यदराजा, चंदौली में दाखिल कर दिया गया है।

Also Read: IND vs PAK Final: एशिया कप में किसका रहा दबदबा? आंकड़ों से समझिए

Get real time updates directly on you device, subscribe now.