रिंकू सिंह और सांसद प्रिया सरोज की शादी की तारीख कंफर्म, भाई सोनू सिंह ने दी जानकारी

Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार फिनिशर रिंकू सिंह और जौनपुर की मछलीशहर सीट से समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज बहुत जल्द शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। रिंकू के बड़े भाई सोनू सिंह ने पुष्टि की है कि क्रिकेट कार्यक्रमों की व्यस्तता के कारण अब यह बहुप्रतीक्षित विवाह जून 2026 में संपन्न होगा।

मैचों की वजह से दो बार टली तारीख

रिंकू और प्रिया की सगाई 8 जून 2025 को लखनऊ में धूमधाम से हुई थी, जिसमें अखिलेश यादव और राजीव शुक्ला जैसी दिग्गज हस्तियां शामिल हुई थीं। पहले शादी 18 नवंबर 2025 को होनी थी, लेकिन रिंकू के अंतरराष्ट्रीय मैचों के कारण इसे टालना पड़ा।

इसके बाद फरवरी 2026 की तारीख सोची गई, लेकिन फरवरी-मार्च में टी-20 विश्व कप और फिर मार्च से मई तक आईपीएल (IPL) होने के कारण अब जून का महीना फाइनल किया गया है।

लखनऊ या वाराणसी में आएगी बारात

सोनू सिंह के अनुसार, बारात कहां जाएगी लखनऊ या वाराणसी इस पर जल्द ही अंतिम फैसला लिया जाएगा। शादी के भव्य आयोजन के लिए एक इवेंट कंपनी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। विवाह के उपरांत रिंकू के पैतृक शहर अलीगढ़ में एक विशाल प्रीतिभोज (रिसेप्शन) का आयोजन किया जाएगा।

प्रिया के जन्मदिन पर रिंकू का खास तोहफा

रिंकू सिंह अपनी मंगेतर प्रिया सरोज का खास ख्याल रखते हैं। नवंबर 2025 में प्रिया के जन्मदिन के अवसर पर रिंकू ने उन्हें एक आलीशान मर्सिडीज कार गिफ्ट की थी। रिंकू के पास फिलहाल मर्सिडीज के अलावा फॉर्च्यूनर और ब्रेजा जैसी गाड़ियां भी हैं।

संघर्ष से सफलता तक का सफर

कभी सर्वेंट क्वार्टर में रहने वाले रिंकू सिंह का परिवार अब उनके साढ़े तीन करोड़ के नए बंगले में शिफ्ट हो चुका है। रिंकू की सफलता के बाद उनके पिता खानचंद ने गैस सिलेंडर ढोने का अपना पुराना काम भी अब छोड़ दिया है। पूरा परिवार अब इस शाही शादी की तैयारियों में जुटा है।

 

Also Read: उन्नाव में सड़क हादसा: ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, दंपती और दो मासूमों की मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.