मुंबई को मिली नई महापौर, रीतू तावड़े होंगी BMC की अगली मेयर

Sandesh Wahak Digital Desk: मुंबई महानगरपालिका में मेयर और डिप्टी मेयर के नामों पर सस्पेंस अब पूरी तरह खत्म हो चुका है। भारतीय जनता पार्टी ने मेयर पद के लिए अपनी वरिष्ठ पार्षद रीतू तावड़े के नाम पर मुहर लगा दी है। वहीं, गठबंधन धर्म निभाते हुए डिप्टी मेयर का पद एकनाथ शिंदे की शिवसेना के खाते में गया है, जहाँ से संजय घाड़ी सवा साल के लिए उप-महापौर की जिम्मेदारी संभालेंगे।

बीएमसी में पहली बार अपना मेयर बनने की खुशी बीजेपी खेमे में साफ देखी जा सकती है। आधिकारिक नामांकन से पहले ही बीएमसी स्थित बीजेपी कार्यालय में उत्सव जैसा माहौल दिखा। यहाँ 10 पंडितों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। मेयर के नाम के औपचारिक ऐलान से पहले दफ्तर में बाकायदा वेद मंत्रों का पाठ हुआ और शंखनाद किया गया। पार्टी नेताओं का मानना है कि यह एक नए और शुभ अध्याय की शुरुआत है।

कौन हैं रीतू तावड़े

रीतू तावड़े बीजेपी का एक भरोसेमंद और अनुभवी चेहरा हैं। उनकी प्रोफाइल कुछ इस तरह है।

लगातार जीत: वे घाटकोपर इलाके से लगातार तीसरी बार पार्षद चुनी गई हैं।

अनुभव: वह पहले बीएमसी की शिक्षा समिति की अध्यक्ष रह चुकी हैं और वर्तमान में महाराष्ट्र प्रदेश महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष हैं।

मजबूत पकड़: मराठा समुदाय से ताल्लुक रखने के बावजूद, उन्होंने गुजराती बहुल वार्ड में अपनी जबरदस्त पकड़ बनाई है।

सफर: साल 2012 में उन्होंने कांग्रेस का साथ छोड़कर बीजेपी का दामन थामा था, जिसके बाद से पार्टी में उनका कद लगातार बढ़ता गया।

बता दें कि 15 जनवरी 2026 को हुए बीएमसी चुनाव में महायुति (बीजेपी + शिंदे गुट) को स्पष्ट बहुमत मिला है। 227 सीटों वाले सदन में बहुमत के लिए 114 सीटें चाहिए थीं, जबकि महायुति के पास 118 से ज्यादा सीटें हैं (बीजेपी 89 और शिवसेना शिंदे गुट 29)।

Also Read: Bahraich News: सपा नेता के पिता की हत्या मामले में इंस्पेक्टर और दरोगा समेत 10 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.