शेफाली शाह का भावुक खुलासा, मॉनसून वेडिंग के किरदार रिया ने लाखों महिलाओं को दी आवाज
Sandesh Wahak Digital Desk: बॉलीवुड अभिनेत्री शेफाली शाह ने अपने कॅरियर की महत्वपूर्ण फिल्म मॉनसून वेडिंग को याद करते हुए एक भावुक पोस्ट साझा किया है। इस फिल्म में उन्होंने रिया वर्मा का किरदार निभाया था, जो बचपन में यौन शोषण की शिकार हुई थी। शेफाली शाह ने कहा कि उन्हें नहीं पता था कि यह किरदार लाखों लोगों की आवाज़ बनेगा और कई महिलाओं की जिंदगी बदल देगा।
शेफाली शाह ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि रिया का किरदार शर्म और अपराधबोध को त्यागकर गुनहगार को जवाबदेह ठहराता है, और यही बात कई चुप्पी साधे बैठी महिलाओं को हिम्मत दे गई।
रिया का किरदार क्यों बना प्रेरणा
शेफाली ने बताया कि रिया एक ऐसी लड़की थी, जिसने अपने साथ हुए गलत के लिए खुद को दोषी नहीं माना, बल्कि हिम्मत दिखाते हुए गुनहगार को जवाबदेह ठहराया। मुझे नहीं पता कितनी महिलाओं को रिया से हिम्मत मिली, पर मैं जानती हूँ कि यह किरदार उन तमाम महिलाओं की कहानियों को दर्शाता है जिन्हें मैं जानती थी या नहीं।
अभिनेत्री ने दिल्ली का एक किस्सा साझा किया, जहाँ एक कार्यक्रम के दौरान एक बुजुर्ग दंपती उनसे मिले थे। पति ने बताया कि उनकी पत्नी ने भी वही दर्द झेला था जो रिया ने झेला, और आपकी वजह से इन्हें सालों बाद अपनी बात कहने की हिम्मत मिली। शेफाली ने कहा कि उस दिन उन्हें पता चला कि भले ही वह डॉक्टर, वकील या वैज्ञानिक न हों, लेकिन एक किरदार भी आम इंसान की जिंदगी बदल सकता है।
वेनिस में जीता था गोल्डन लॉयन अवॉर्ड
मीरा नायर द्वारा निर्देशित फिल्म मॉनसून वेडिंग की शूटिंग के दिनों को याद करते हुए शेफाली ने बताया कि सारे कलाकार और क्रू एक बड़े परिवार की तरह थे। वे सुबह योग, नाश्ता और नसीरुद्दीन शाह के साथ एक्टिंग वर्कशॉप करते थे।
Also Read: बिहार के मोतिहारी में ट्रक ने ऑटो और बाइक को रौंदा, 5 लोगों की दर्दनाक मौत

