लालू के कारनामों का कलंक तेजस्वी पर रहेगा तब तक राजद की सरकार नहीं बनेगी: केतकी सिंह
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार विधानसभा चुनाव के परिणामों से पहले ही राजनीतिक बयानबाज़ी तेज़ हो गई है। बलिया जिले के बांसडीह से भाजपा विधायक केतकी सिंह ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि जब तक राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के शासनकाल का ‘कलंक’ तेजस्वी यादव पर रहेगा, तब तक बिहार में राजद की सरकार नहीं बन सकती। विधायक केतकी सिंह ने कहा कि बिहार में एक बार फिर नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनने जा रही है।
‘बिहार की जनता डर का माहौल नहीं भूली’
विधायक सिंह ने राजद के पुराने शासनकाल की आलोचना करते हुए कहा कि बिहार के लोग अब तक उस डर के माहौल को नहीं भूले हैं, जिसे उस समय पैदा किया गया था। उन्होंने कहा, “बिहार के लोगों की इतनी भी याददाश्त कमजोर नहीं है कि वह आपातकाल जैसी स्थिति को भूल जाएं। वहाँ के लोगों के विश्वास के साथ खेला गया है।”
केतकी सिंह ने आरोप लगाया कि राजद के शासनकाल में बहन-बेटियों की आबरू के साथ भी खेला गया, जिसे जनता कभी नहीं भूलेगी। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि राजद के शासनकाल में जो डर का माहौल पैदा किया गया था, उसने बिहार को भारी नुकसान पहुंचाया है। विधायक ने विश्वास व्यक्त किया कि इन सभी कारणों से बिहार की जनता इस चुनाव में राजद को सत्ता से दूर रखेगी और वहाँ भाजपा की सरकार बनने जा रही है।
Also Read: कफ सीरप तस्करी पर पुलिस का बड़ा प्रहार, नेटवर्क खंगालने के लिए 10 सदस्यीय SIT गठित

