आरके सिंह का बीजेपी से हुआ मोहभंग, पार्टी छोड़ने के दिए संकेत
Sandesh Wahak Digital Desk: पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता आरके सिंह ने पार्टी छोड़ने का साफ संकेत दिया है। उन्होंने मंगलवार को आरा में राजपूत समाज के एक कार्यक्रम के दौरान बीजेपी नेतृत्व पर सीधे-सीधे सवाल उठाए। आरके सिंह ने आरोप लगाया कि पार्टी में उनकी लगातार उपेक्षा हो रही है और इसी वजह से वे अब अपनी राजनीतिक यात्रा बीजेपी के साथ आगे नहीं बढ़ाना चाहते।
आरके सिंह, जो आरा से दो बार सांसद रह चुके हैं, ने मंच से कहा कि बीजेपी और उसके शीर्ष नेतृत्व ने राजपूत समाज की अनदेखी की है। उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव में अपनी हार के लिए पार्टी के अंदर हुए भीतरघात को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी और गठबंधन के बड़े नेताओं ने उन्हें जानबूझकर कमजोर करने और हराने की साजिश रची थी।
2014 और 2019 में लगातार जीत दर्ज करने वाले आरके सिंह को इस बार भाकपा-माले के सुदामा प्रसाद से 59,808 वोटों से हार का सामना करना पड़ा था। आरा को बीजेपी का गढ़ माना जाता था, इसलिए यह हार बेहद चौंकाने वाली थी। हार के बाद से ही आरके सिंह लगातार पार्टी के अंदरूनी मुद्दों पर खुलकर बोल रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वे जल्द ही अपनी एक अलग पार्टी बनाने पर भी विचार कर सकते हैं।
Also Read: ‘अखिलेश मेरे उतने ही करीब, जितने नेताजी थे’, आजम खान बोले- जेल में बदली पूरी जिंदगी

