RML स्थापना दिवस: CM योगी ने प्रदेश के पहले एडवांस्ड न्यूरो साइंसेज सेंटर का किया उद्घाटन
Sandesh Wahak Digital Desk: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि जब कोई निर्णय व्यापक जनहित और राष्ट्रहित में लिया जाता है, तो वह हमारी संस्कृति का हिस्सा बन जाता है। उन्होंने शनिवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के स्थापना दिवस समारोह में इस बात पर जोर दिया। इस दौरान सीएम ने संस्थान में 298 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
सीएम योगी ने कहा कि लोहिया संस्थान ने महज 19 वर्षों में 20 बेड से बढ़कर 1,375 बेड तक विस्तार किया है, जो एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने संस्थान की तारीफ करते हुए कहा कि यह प्रगति दिखाती है कि संस्थान सही दिशा में आगे बढ़ रहा है।

लोहिया संस्थान में प्रदेश का पहला एडवांस न्यूरो साइंसेज सेंटर
इस समारोह में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के पहले एडवांस्ड न्यूरो साइंसेज सेंटर का उद्घाटन भी किया। यह सेंटर लोगों को ब्रेन ट्यूमर और मस्तिष्क से जुड़ी अन्य बीमारियों का बेहतर इलाज देने में मदद करेगा। साथ ही, संस्थान को 50 करोड़ रुपये की गामा नाइफ मशीन भी मिली है, जो न्यूरो साइंसेज के क्षेत्र में इलाज को और आधुनिक बनाएगी।

सीएम ने कोरोना महामारी के दौरान चिकित्सा व्यवस्था में हुए सुधारों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि महामारी के शुरुआती दिनों में प्रदेश में जांच की सुविधा नहीं थी, लेकिन बाद में एसजीपीजीआई, केजीएमयू और लोहिया संस्थान ने मिलकर वर्चुअल आईसीयू जैसे मॉडल अपनाए। इन संस्थानों ने प्रशिक्षित मैनपावर को प्रदेश के 75 जिलों में भेजकर कोविड मरीजों को बेहतर इलाज सुनिश्चित किया। उन्होंने कहा कि इसी वजह से यूपी ने टेक्नोलॉजी का प्रयोग कर महामारी को मात देने का एक बेहतरीन मॉडल दुनिया के सामने पेश किया।

अब इंसेफेलाइटिस से बच्चों की मौत नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में एक समय इंसेफेलाइटिस से 50 हजार से ज्यादा बच्चों की मौत हुई थी, लेकिन टीम वर्क और जागरूकता के चलते इस बीमारी पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। उन्होंने कहा कि आज इस क्षेत्र में डर की जगह उत्साह का माहौल है। सीएम ने बताया कि सरकार प्रदेश को ‘उत्तम प्रदेश’ बनाने की दिशा में काम कर रही है, जिसके तहत गौतमबुद्ध नगर में मेडिकल डिवाइस पार्क और ललितपुर में फार्मा पार्क पर काम जारी है। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
Also Read: Kanpur News: गैंगस्टर अखिलेश दुबे का साम्राज्य ढहाने में जुटी पुलिस, सहयोगी इंस्पेक्टर गिरफ्तार

