बाराबंकी में दर्दनाक सड़क हादसा, रोडवेज बस की टक्कर से दो युवकों की मौत, एक गंभीर
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। रामनगर थाना क्षेत्र के कटियारा गांव के पास एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने एक ऑटो को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि ऑटो सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के शिकार तीनों युवक सब्जी मंडी जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मसौली की ओर से आ रहा ऑटो जैसे ही बांदा-बहराइच नेशनल हाईवे पर कटियारा गांव के पास पहुंचा, सामने से आ रही रोडवेज बस ने तेज रफ्तार में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
मौके पर दो की मौत, एक की हालत नाजुक
हादसे में ऑटो चालक गुड्डू (पुत्र तसव्वुर), निवासी नहामऊ, और एक अज्ञात युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं तीसरा युवक प्रदुम (पुत्र घनश्याम), निवासी कटियारा, गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
हादसे के बाद बस चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। चश्मदीदों के मुताबिक, टक्कर मारने वाली बस का नंबर UP 41 CT 0746 है। घटना की सूचना मिलते ही रामनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी अनिल कुमार पांडे ने फौरन क्रेन मंगवाकर क्षतिग्रस्त ऑटो को सड़क से हटवाया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात बहाल किया गया।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार बस चालक की तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
गांवों में छाया मातम
हादसे की खबर जैसे ही नहामऊ और कटियारा गांव में पहुंची, परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग गमगीन माहौल में एक-दूसरे को सांत्वना देते नजर आए।
Also Read: फर्जी टैक्स छूट दिलाने वाले नेटवर्क पर आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई, कई शहरों में छापेमारी

