Lucknow News: ड्यूटी पर तैनात महिला सफाईकर्मी को ट्रक ने कुचला, मौके पर मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी के पीजीआई थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक बेहद दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने न केवल एक परिवार को उजाड़ दिया, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही पर भी कई सवाल खड़े कर दिए। किसान पथ पर एनएचएआई (भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) की महिला सफाईकर्मी रजनी (38) को एक तेज रफ्तार और बेकाबू ट्रक ने कुचल दिया। रजनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी सहयोगी संगीता इस हादसे में घायल हो गई।
सड़क किनारे कर रही थीं सफाई, पीछे से आकर ट्रक ने रौंदा
सुबह करीब 8 बजे की बात है। रजनी और संगीता मोहिद्दीनपुर गांव के पास किसान पथ पर सड़क किनारे सफाई कर रही थीं। कुछ ही दूरी पर एक डंपर भी चल रहा था जिसमें कूड़ा डाला जा रहा था। इसी बीच पीछे से आए एक तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों को टक्कर मार दी। रजनी का शरीर ट्रक में फंस गया और ट्रक कुछ दूरी तक उसे घसीटते हुए ले गया, जब तक कि वह सामने चल रहे डंपर से टकरा नहीं गया। संगीता को मामूली चोटें आईं, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। लेकिन रजनी की मौके पर ही मौत हो गई।
नशे में था ट्रक चालक, लोगों ने पकड़ा
हादसे के प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रक चालक नशे में था और टक्कर के बाद भागने की कोशिश कर रहा था। लेकिन गुस्साए लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। हादसे के विरोध में स्थानीय लोगों ने किसान पथ को जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। घटना के करीब आधे घंटे बाद पीजीआई थाना पुलिस मौके पर पहुंची, जिससे वहां मौजूद लोगों का गुस्सा और बढ़ गया। स्थिति को काबू में करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर उसे क्रेन की मदद से हटवाया।
रजनी का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और ट्रक चालक से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि चालक का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा ताकि नशे में होने की पुष्टि की जा सके।
एक और झटका झेल गया रजनी का परिवार
रजनी लखनऊ के मोहनलालगंज के शिवढरा गांव की रहने वाली थीं। करीब छह साल पहले उनके पहले पति का निधन हो गया था। इसके बाद उन्होंने अपने सहकर्मी बनवारी से दूसरी शादी की थी, जो हादसे के वक्त मौके पर मौजूद था और पूरी घटना का चश्मदीद गवाह भी बना। इस दर्दनाक हादसे ने रजनी के परिवार को फिर एक बार गहरे अंधकार में धकेल दिया है। एक महिला जो रोज़ मेहनत कर अपने घर को संभाल रही थी, एक लापरवाह चालक की गलती की भेंट चढ़ गई।
Also Read: Kaushambi News: व्यापारी से लूट करने वाला बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

