सीतापुर में भीषण सड़क हादसा, ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, 3 लोगों की दर्दनाक मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: मंगलवार को सीतापुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। यह हादसा शहर कोतवाली क्षेत्र के एनएच-30 पर हुआ, जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भयानक थी कि ट्रैक्टर पर सवार तीनों लोग हवा में उछलकर दूर जा गिरे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और पुलिस को सूचना दी।

हादसे के बाद एनएच-30 पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही सीओ सिटी विनायक भोसले (IPS) और एएसपी आलोक सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश में जुट गई है। फिलहाल, हाईवे पर यातायात को फिर से बहाल कर दिया गया है।

 

Also Read: Lucknow News: रिटायर्ड इंजीनियर की गोली मारकर हत्या, नौकरानी का पति फरार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.