लखनऊ से प्रयागराज जा रही रोडवेज बस की हुई टक्कर, चालक की मौत, 6 घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: रविवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में लखनऊ से प्रयागराज जा रही रोडवेज बस के चालक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा शहर के रतापुर चौराहे के पास तब हुआ, जब बस एक खड़े ट्रेलर से जा टकराई। इस हादसे में बस में बैठे छह यात्री घायल हो गए, जिन्हें तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया गया है कि प्रयाग डिपो की यह बस सवारियों को लेकर लखनऊ से प्रयागराज की तरफ जा रही थी। जैसे ही बस रतापुर चौराहे के पास पहुंची, वह अनियंत्रित होकर सड़क पर खड़े एक ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े।

हादसे में बस चालक, प्रयागराज के लालगोपालगंज निवासी अंजनी कुमार शुक्ला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, बस में बैठे गुलफाम, सादिक, आकांक्षा सिंह, अंशुमान राय, अंकित और राम दुलारे घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और इस मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Also Read: Gonda News: नहर में बोलेरो गिरने से 11 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत, 4 घायल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.