शिकोहपुर जमीन घोटाला मामले में रॉबर्ट वाड्रा की बढ़ी मुश्किलें, कोर्ट ने जारी किया नोटिस
Sandesh Wahak Digital Desk: कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के दामाद और कारोबारी रॉबर्ट वाड्रा की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट ने शिकोहपुर जमीन सौदे से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में वाड्रा समेत 11 लोगों को नोटिस जारी किया है। यह नोटिस प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा दाखिल की गई चार्जशीट पर संज्ञान लेने से पहले दिया गया है।
क्या है पूरा मामला
ईडी ने इस मामले में रॉबर्ट वाड्रा और उनकी कंपनियों के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग की जांच की थी। जांच के बाद ईडी ने उनकी 37.64 करोड़ रुपये की 43 संपत्तियों को जब्त कर लिया था। आरोप है कि साल 2008 में गुरुग्राम के शिकोहपुर इलाके में 3.53 एकड़ जमीन अवैध तरीके से खरीदी गई थी। ईडी का कहना है कि इस अवैध लेन-देन में वाड्रा द्वारा नियंत्रित कई कंपनियों का नेटवर्क शामिल था।
ईडी ने अपनी चार्जशीट में दावा किया है कि इस जमीन सौदे में काले धन का इस्तेमाल किया गया और उसे वैध बनाने के लिए कंपनियों के जरिए पैसों का लेन-देन किया गया। इसी आधार पर ईडी ने वाड्रा के खिलाफ धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत चार्जशीट दाखिल की है।
अगली सुनवाई 28 अगस्त को
कोर्ट ने कहा है कि चार्जशीट पर कोई भी फैसला लेने से पहले सभी संबंधित पक्षों की दलीलें सुनी जाएंगी। इस मामले की अगली सुनवाई 28 अगस्त को तय की गई है। इस दिन रॉबर्ट वाड्रा अपना पक्ष कोर्ट के सामने रखेंगे।
Also Read: जनसाधारण एक्सप्रेस के पटरी से उतरने के बाद कई ट्रेनें डायवर्ट, रेलवे ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

