2004 से अपराध की दुनिया में सक्रिय रौशन शर्मा मुठभेड़ में घायल, कई राज खोलने की उम्मीद

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार की राजधानी पटना के फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और कुख्यात अपराधी रौशन शर्मा के बीच मुठभेड़ हुई। राय चौक के पास छिपे होने की गुप्त सूचना पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की। खुद को घिरा देख रौशन ने भागने की कोशिश की और इसी दौरान पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। उसे इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है।

हत्या, लूट,रंगदारी और डकैती जैसे दर्जनों मामले दर्ज

पुलिस के मुताबिक, रौशन शर्मा बिहार के जहानाबाद जिले के सलेमपुर गांव का निवासी है और 2004 से अपराध की दुनिया में सक्रिय है। उसके खिलाफ बिहार और झारखंड के विभिन्न जिलों में हत्या, लूट, रंगदारी और डकैती जैसे दर्जनों मामले दर्ज हैं। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी।

बड़ी घटनाओं का मुख्य आरोपी है रौनक

रौशन हाल ही में पटना में हुई कई बड़ी आपराधिक घटनाओं का मुख्य आरोपी है। 21 अप्रैल 2025 को रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र में बस चालक दुष्यंत चमचम की हत्या में उसका नाम सामने आया था। 2023 में कृपाशंकर हत्याकांड और 2016 के चर्चित रॉकी हत्याकांड में भी उसकी संलिप्तता पाई गई। इसके अलावा वह गर्दनीबाग क्षेत्र में 27 लाख रुपये की लूट में भी शामिल था। इन सभी मामलों में पुलिस की निगाहें लंबे समय से उस पर थीं।

पूछताछ से होगा बड़ा खुलासा

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से हथियार और आपत्तिजनक सामान बरामद किया है। वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि रौशन से पूछताछ के बाद कई बड़े अपराधों का खुलासा हो सकता है। यह भी जांच की जा रही है कि वह किसी संगठित गिरोह का हिस्सा तो नहीं। इस एनकाउंटर के बाद फुलवारी शरीफ इलाके में सनसनी फैल गई है। जहां एक ओर स्थानीय लोग पुलिस की कार्रवाई से राहत महसूस कर रहे हैं, वहीं कुछ लोगों ने मुठभेड़ की परिस्थितियों को लेकर सवाल भी खड़े किए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और रौशन के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाल रही है।

Also Read: Kanpur News: प्रेमी के भागते ही युवती से दरिंदगी, वीडियो बनाकर मांगी फिरौती

Get real time updates directly on you device, subscribe now.