IPL 2026 के फाइनल में पहुंची रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू, इन 2 गलतियों की वजह से हारा गुजरात

Sandesh Wahak Digital Desk: आईपीएल 2026 के पहले क्वालिफायर में शानदार प्रदर्शन करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टाइटंस को 92 रन से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 254 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में गुजरात की टीम 162 रन पर सिमट गई।

इस जीत के साथ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु लगातार दूसरी बार और आईपीएल इतिहास में पांचवीं बार फाइनल में पहुंची है। मौजूदा चैंपियन आरसीबी के पास अब खिताब बरकरार रखने का बड़ा मौका है।

बल्लेबाजों ने रखी आरसीबी की जीत की नींव

आरसीबी की जीत की कहानी उसकी आक्रामक बल्लेबाजी से शुरू हुई। विराट कोहली ने 25 गेंदों पर 43 रन बनाकर तेज शुरुआत दी।

इसके बाद कप्तान रजत पाटीदार ने मध्यक्रम में तूफानी पारी खेलते हुए मैच को एकतरफा बना दिया। पाटीदार ने सिर्फ 33 गेंदों में नाबाद 93 रन बनाए, जिसमें 9 छक्के और 5 चौके शामिल रहे। उनका स्ट्राइक रेट 281 से अधिक का रहा।

RCB vs GT

इसके अलावा क्रुणाल पंड्या ने 43 रन का अहम योगदान दिया, जिससे आरसीबी 250 के पार पहुंचने में सफल रही।

गुजरात की बल्लेबाजी बिखरी

255 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात टाइटंस की बल्लेबाजी दबाव में पूरी तरह लड़खड़ा गई। साई सुदर्शन 14 रन पर हिट विकेट हो गए, जबकि कप्तान शुभमन गिल सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हो गए।

जॉस बटलर ने 11 गेंदों में 29 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। राहुल तेवतिया ने अर्धशतक लगाकर संघर्ष जरूर किया, मगर टीम को हार से नहीं बचा सके।

गेंदबाजी में आरसीबी के जैकब डफी ने 3 विकेट झटके, जबकि रसिख सलाम डार और भुवनेश्वर कुमार को दो-दो सफलताएं मिलीं।

हार की बड़ी वजह बनी फील्डिंग

गुजरात की हार की सबसे बड़ी वजह उसकी खराब फील्डिंग रही। रजत पाटीदार को महज तीन गेंदों में दो जीवनदान मिले।

14वें ओवर में पहले प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर उनका कैच छूटा और फिर कागिसो रबाडा ने आसान कैच टपका दिया। इन मौकों का फायदा उठाकर पाटीदार ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।

गुजरात के पास अब भी मौका

हालांकि गुजरात टाइटंस की फाइनल की उम्मीदें अभी खत्म नहीं हुई हैं। टीम को दूसरा क्वालिफायर खेलने का मौका मिलेगा, जहां उसका सामना न्यू चंडीगढ़ में होने वाले एलिमिनेटर (हैदराबाद बनाम राजस्थान) की विजेता टीम से होगा।

Also Read: महिला क्रिकेट में ऐतिहासिक कदम, BCCI ने की सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में तीन स्पेशलिस्ट कोच की नियुक्ति

Get real time updates directly on you device, subscribe now.