Azamgarh News: जनसेवा केंद्र संचालक से दिनदहाड़े 1.90 लाख की लूट, तीन टीमें गठित

Azamgarh News: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में बदमाशों के हौसले बुलंद दिख रहे हैं। मेंहनाजपुर थाना क्षेत्र के इटैली बाजार में एक जनसेवा केंद्र संचालक मोहम्मद हकीम से बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर 1 लाख 90 हजार रुपये लूट लिए। यह वारदात उस समय हुई जब मोहम्मद हकीम अपना काम खत्म कर घर लौट रहे थे।

तीन बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोका और तमंचा दिखाकर रुपयों से भरा बैग छीन लिया। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए। पीड़ित ने तुरंत डायल 112 और स्थानीय थाने को सूचना दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही लुटेरे गायब हो चुके थे। मोहम्मद हकीम ने इस मामले में पुलिस को लिखित शिकायत दी है।

बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस

इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। जिले के एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात बाइक सवारों द्वारा की गई इस लूट की घटना के बाद स्वाट, सर्विलांस और मेंहनाजपुर थाने की पुलिस सहित तीन टीमों का गठन किया गया है। पुलिस ने इस मामले में तीन संदिग्धों को हिरासत में भी लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने भरोसा दिलाया है कि पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर इस पूरे मामले का खुलासा करेगी। गौरतलब है कि आजमगढ़ में लूट की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी इस तरह की कई वारदातें सामने आ चुकी हैं, जिनमें से कुछ का खुलासा हो चुका है जबकि कुछ मामलों में पुलिस अभी भी आरोपियों की तलाश कर रही है।

Also Read: कांवड़ यात्रा को भाजपा ने बनाया प्रोपेगेंडा टूल: अजय राय

Get real time updates directly on you device, subscribe now.