कर्नाटक सरकार का बड़ा फैसला, सरकारी स्कूल-कॉलेज परिसरों में RSS की गतिविधियों पर लगेगा प्रतिबंध
Sandesh Wahak Digital Desk: कर्नाटक की सिद्दारमैया सरकार ने सरकारी स्कूलों और कॉलेज परिसरों के भीतर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की गतिविधियों को रोकने के लिए नए नियम लाने का फ़ैसला किया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के पुत्र प्रियंक खरगे ने गुरुवार को इस संबंध में जानकारी दी।
दरअसल, प्रियंक खरगे लंबे समय से इस मांग को उठा रहे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री सिद्दारमैया से आग्रह किया था कि सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को आरएसएस और ऐसे अन्य संगठनों द्वारा आयोजित कार्यक्रमों या गतिविधियों में भाग लेने से सख्ती से रोका जाए।
सरकारी आचरण नियमों का दिया आधार
अपने आग्रह को मज़बूती देने के लिए, प्रियंक खरगे ने कर्नाटक सिविल सेवा (आचरण) नियमों का हवाला दिया। उन्होंने 13 अक्टूबर को मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में इन नियमों की कुछ पंक्तियों का उल्लेख किया। कोई भी सरकारी कर्मचारी किसी राजनीतिक दल या राजनीति में भाग लेने वाले किसी संगठन का सदस्य नहीं होगा, या उससे अन्यथा संबद्ध नहीं होगा और न ही किसी राजनीतिक आंदोलन या गतिविधि में भाग लेगा।
प्रियंक खरगे ने कहा कि स्पष्ट निर्देश होने के बावजूद, हाल के दिनों में देखा गया है कि सरकारी अधिकारी और कर्मचारी आरएसएस तथा ऐसे अन्य संगठनों के कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने आग्रह किया कि इसे तुरंत रोका जाना चाहिए।
Also Read: ‘यह फर्जी वोट डलवाएंगे, लेकिन…’, बिहार में CM योगी का राजद-कांग्रेस पर तीखा हमला

