सोशल मीडिया पर बढ़ेगी RSS की सक्रियता, नागपुर में बोले मोहन भागवत

Sandesh Wahak Digital Desk: आज के दौर में सोशल मीडिया की बढ़ती भूमिका को देखते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) भी अपनी सक्रियता बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। संघ प्रमुख मोहन भागवत ने गुरुवार को एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल बड़े पैमाने पर हो रहा है और अच्छे कार्यों के लिए RSS को इन प्लेटफॉर्म्स पर अपनी मौजूदगी और सक्रियता बढ़ानी होगी।

तरुण भारत शताब्दी समारोह में दिया बयान

नागपुर में मराठी अखबार ‘तरुण भारत’ के शताब्दी समारोह को संबोधित करते हुए RSS प्रमुख भागवत ने कहा कि बड़ी संख्या में लोग सोशल मीडिया का उपयोग कर रहे हैं, लेकिन इसका इस्तेमाल सकारात्मक और रचनात्मक कार्यों के लिए होना चाहिए। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि यह माध्यम समाज में अच्छे बदलाव लाने का एक प्रभावी जरिया बन सकता है।

मीम्स और रील्स के जरिए भी बढ़ रही पहुंच

RSS प्रमुख ने कहा कि मीम्स और रील्स जैसे आधुनिक माध्यम पहले से ही प्रचलन में हैं। उन्होंने बताया कि RSS के संचार विभाग के जरिए कुछ कंटेंट साझा किया जा रहा है और स्वयंसेवक भी सोशल मीडिया का प्रभावी ढंग से उपयोग कर रहे हैं। उन्होंने इसे अपेक्षा नहीं बल्कि आवश्यकता बताते हुए कहा कि संगठन को इस दिशा में और अधिक सक्रिय होना होगा।

समाज में बदलाव और एकजुटता पर जोर

मोहन भागवत ने कहा कि लोगों को एक साथ लाना और समाज में सकारात्मक बदलाव लाना बेहद जरूरी है, क्योंकि ये दोनों एक-दूसरे को मजबूत करते हैं। उनके अनुसार जब एक समर्पित स्वयंसेवक तैयार होता है तो वह रचनात्मक कार्य करता है, जो समाज में फैलकर व्यापक बदलाव का कारण बनता है।

संघ प्रमुख ने बताया कि RSS का काम लगातार बढ़ रहा है, जिसके चलते विकेंद्रीकरण की आवश्यकता महसूस हो रही है। जैसे-जैसे लोगों की अपेक्षाएं बढ़ रही हैं, अलग-अलग क्षेत्रों में स्वयंसेवकों की मांग भी बढ़ रही है। बेहतर कार्यक्षमता के लिए छोटी इकाइयों का गठन जरूरी हो गया है।

सरकार और प्रशासन के साथ समन्वय की तैयारी

RSS प्रमुख ने संगठन के बढ़ते कार्यों के लिए सरकार और प्रशासन के साथ समन्वय की आवश्यकता पर भी जोर दिया। इसके लिए एक अलग समन्वय तंत्र तैयार किया जा रहा है। भागवत ने बताया कि इस समन्वय को प्रभावी बनाने और संभावित बाधाओं को दूर करने के लिए प्रदेश स्तर पर यूनिट बनाई जा रही है।

 

Also Read: पुलिस भर्ती के बाद अब कक्षा 7 के संस्कृत पेपर में पंडित शब्द को लेकर विवाद, शासन ने मांगा जवाब

Get real time updates directly on you device, subscribe now.