जब पीएम बोलते हैं, तो दुनिया सुनती है, RSS प्रमुख मोहन भागवत ने की पीएम मोदी की प्रशंसा
Sandesh Wahak Digital Desk: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख डॉक्टर मोहन भागवत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर प्रशंसा की है। आरएसएस के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में पुणे के कोथरुड में आयोजित कृतज्ञता समारोह को संबोधित करते हुए भागवत ने कहा कि आज जब प्रधानमंत्री मोदी बोलते हैं, तो दुनिया के लोग ध्यान से सुनते हैं क्योंकि अब भारत की शक्ति सामने आ रही है और देश को उसकी सही जगह मिल रही है।
हम देर से नहीं आए, आप देर से सुनने लगे
आरएसएस प्रमुख ने देश के वैश्विक कद में आए बदलाव पर टिप्पणी करते हुए कहा कि आज दुनिया भर में देश के प्रधानमंत्री को सब सुनते हैं, और इसका कारण है कि भारत की यह शक्ति जब प्रकट होना चाहिए तब प्रकट होने लगी है।
उन्होंने एक किस्सा साझा करते हुए कहा, संघ को भी एक जगह किसी ने मुझे बोला कि आप लोग 30 साल देर में आए हैं। मैंने कहा हम 30 साल से आ रहे हैं। हम देर से नहीं आए हैं, आप लोग हमें देर से सुनने लगे हो। भागवत ने जोर देकर कहा कि इतिहास में यह दर्ज है कि जब भी भारत आगे बढ़ता है, तो दुनिया की समस्याएँ हल हो जाती हैं, झगड़े कम हो जाते हैं और शांति बनी रहती है। उन्होंने कहा, हमें इसे फिर से बनाना होगा। यह समय की ज़रूरत है।
अब राष्ट्र मंदिर का निर्माण करना है
अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का जिक्र करते हुए मोहन भागवत ने कहा कि विश्व कल्याण की पताका फहराते हुए श्रीराम मंदिर बन गया है। अब पहले से भी अधिक भव्य, शक्तिशाली और सुंदर राष्ट्र मंदिर का निर्माण करना है। उन्होंने आगे कहा कि संघ को पूरे समाज का संगठन अपेक्षित है, क्योंकि समाज संगठित होगा तभी राष्ट्र वैभव संपन्न बनेगा। राष्ट्र बल संपन्न होगा तभी विश्व में सुख और शांति होगी। भागवत ने स्पष्ट किया कि संघ यह नहीं मानता कि सिर्फ संघ ही देश का भला करेगा, बल्कि देश तभी खड़ा होगा जब समाज खड़ा होगा।
Also Read: Big Boss 19: अशनूर कौर ने तान्या मित्तल विवाद पर तोड़ी चुप्पी, बोलीं- जानबूझकर नहीं किया था

