देवरिया में सड़क ब्रेकर को लेकर खूनी विवाद, RSS कार्यकर्ता की पीट-पीटकर हत्या
Deoria RSS Worker Murder: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में सड़क पर ब्रेकर बनवाने को लेकर हुआ विवाद हिंसक हो गया। लार थाना क्षेत्र के भीकम छपरा गांव में पड़ोसियों पर 50 वर्षीय रामेश्वर तिवारी (Rameshwar Tiwari) की लाठी-डंडों से पिटाई करने का आरोप है। गंभीर रूप से घायल रामेश्वर को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रामेश्वर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े कार्यकर्ता बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि गांव में इन दिनों पक्की सड़क का निर्माण चल रहा है। यह सड़क रामेश्वर तिवारी के घर के सामने से गुजर रही है। रामेश्वर अपने घर के सामने ब्रेकर बनवाना चाहते थे, लेकिन पड़ोसी इसका विरोध कर रहे थे। आरोप है कि इसी बात को लेकर विवाद हुआ और पड़ोसियों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
हमले के बाद रामेश्वर गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। परिजन उन्हें तत्काल लार सीएचसी लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें देवरिया रेफर कर दिया। परिजन उन्हें देवरिया मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही लार पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी अभिजीत आर शंकर ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के मुताबिक, 1 अक्टूबर को भीकम छपरा गांव में सड़क पर ब्रेकर बनाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना मिली थी।
रामेश्वर तिवारी, स्वर्गीय जयमंगल तिवारी के बेटे थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों से संपर्क कर लिखित तहरीर ली जा रही है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तीन टीमें गठित की हैं। पुलिस विवाद की पूरी वजह और हमले में शामिल लोगों की पहचान की जांच कर रही है।
Also Read: मंदिर के कमरे में ले जाकर नाबालिग से रेप, आरोपी सफाई कर्मचारी मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार

