लखनऊ के KGMU ट्रॉमा सेंटर में हंगामा, नर्सिंग स्टाफ और डॉक्टर आमने-सामने, 9 के खिलाफ FIR

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के ट्रॉमा सेंटर में रविवार को जमकर हंगामा हुआ। नर्सिंग स्टाफ और रेजिडेंट डॉक्टर एक-दूसरे पर मारपीट और गुंडागर्दी का आरोप लगाते हुए आमने-सामने आ गए। हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस को ट्रॉमा सेंटर का गेट बंद करना पड़ा।

नर्सिंग स्टाफ का आरोप: ‘शराब के नशे में करते हैं बदसलूकी’

यह विवाद तब शुरू हुआ जब दोपहर करीब 2 बजे नर्सिंग स्टाफ ने रेजिडेंट डॉक्टरों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। नर्सिंग स्टाफ का आरोप है कि रेजिडेंट डॉक्टर शराब के नशे में उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट करते हैं। नर्सिंग ऑफिसर शुभम राव ने बताया कि 20 सितंबर की रात ड्यूटी के दौरान 9 रेजिडेंट डॉक्टरों ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।

शुभम ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर रेजिडेंट डॉक्टर अश्विन, आयुष, निखिल, अंकित वर्मा, अमित शर्मा, सतीश, दीपक छाबरा, देवेंद्र और प्रेम के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। शुभम ने आरोप लगाया कि ये डॉक्टर हर शनिवार शराब पीकर ड्यूटी पर आते हैं और बदसलूकी करते हैं।

यूनिवर्सिटी प्रशासन पर भी उठे सवाल

नर्सिंग स्टाफ का कहना है कि घटना के 72 घंटे बाद भी KGMU प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की, इसलिए उनके पास धरना देने के अलावा कोई चारा नहीं था। शुभम ने बताया कि मारपीट के दौरान उनकी सोने की चेन, चश्मा और मोबाइल टूट गया। जब उनके साथी प्रदीप ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो उनके साथ भी मारपीट की गई।

KGMU के प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने बताया कि दोषी रेजिडेंट डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि कैंपस में ऐसी हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले की जांच के लिए एक टीम का गठन किया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: Lucknow News: मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल ने फिर संभाला पदभार, बीमार होने के कारण थे छुट्टी पर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.