बंगाल में बवाल: शुभेंदु अधिकारी के काफिले पर हमला, विरोध में पुलिस चौकी के अंदर धरने पर बैठे भाजपा नेता
Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के काफिले पर शनिवार रात पश्चिम मेदिनीपुर के चंद्रकोना में हिंसक हमला हुआ। आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस (TMC) के समर्थकों ने भाजपा नेता की गाड़ी को घेरकर लाठी-डंडों से वार किए। इस घटना के विरोध में शुभेंदु अधिकारी चंद्रकोना रोड पुलिस चौकी के भीतर ही जमीन पर धरने पर बैठ गए हैं।
सड़क पर एक घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा
घटना शनिवार रात करीब 8:20 से 8:30 बजे के बीच की है। शुभेंदु अधिकारी पुरुलिया में एक जनसभा को संबोधित कर नंदीग्राम लौट रहे थे। चंद्रकोना रोड बाजार इलाके के पास भीड़ ने काफिले को रोक लिया। भाजपा का दावा है कि टीएमसी कार्यकर्ताओं ने बांस की लाठियों से गाड़ी पर हमला किया और नारेबाजी की। शुभेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि “ममता की पुलिस” मूकदर्शक बनकर खड़ी रही और गुंडों को हमला करने की खुली छूट दी गई।
पुलिस चौकी में ‘सत्याग्रह’
हमले के बाद शुभेंदु अधिकारी सीधे चंद्रकोना रोड पुलिस चौकी पहुंचे और वहीं जमीन पर बैठ गए। उन्होंने स्पष्ट किया है कि जब तक हमलावरों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, वे चौकी परिसर नहीं छोड़ेंगे। एक वकील की मौजूदगी में उन्होंने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। तनाव को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल और अतिरिक्त सुरक्षा टुकड़ियां तैनात कर दी गई हैं।
राजनीतिक बयानबाजी
इस घटना पर भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। सुकांत मजूमदार (केंद्रीय राज्य मंत्री) ने कहा कि “पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है। मुख्यमंत्री का शासन निरंकुश और पुलिस प्रशासन रीढ़विहीन हो गया है।” तो दूसरी ओर, सत्ताधारी दल ने इन आरोपों को निराधार बताया है (हालांकि आधिकारिक बयान की प्रतीक्षा है)।

