यूपी विधानसभा में ‘हर घर जल’ पर हंगामा, योगी के मंत्री ने सपा MLA से कहा- बीवी की कसम खाकर बोलो

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश विधानसभा के मॉनसून सत्र में ‘हर घर जल’ योजना को लेकर जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह और समाजवादी पार्टी (सपा) विधायक फहीम इरफान के बीच जोरदार बहस हुई। यह बहस तब और गरमा गई, जब मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने विधायक से ‘बीवी की कसम’ खाने की बात कह दी।

सपा विधायक के आरोपों पर मंत्री ने दिया जवाब

सपा विधायक फहीम इरफान ने सवाल उठाते हुए कहा था कि योजना के तहत अभी तक कई गांवों में पानी नहीं पहुंचा है और सड़कों का पुनर्निर्माण भी नहीं हुआ है। इस पर जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने जवाब देते हुए कहा कि योजना का 90% से ज्यादा काम पूरा हो चुका है और 31 दिसंबर 2025 तक सभी काम खत्म हो जाएंगे।

इसके बाद, मंत्री ने गुस्से में कहा अगर आपके गांव में पानी नहीं आ रहा है तो मैं अपने पद से इस्तीफा दे दूंगा, लेकिन आप कसम खाकर बोलें कि आपके गांव में पानी नहीं आ रहा है। उन्होंने कहा कि विधायक के गांव का प्रधान साजिद है और अभी फोन करके सच्चाई का पता लगाया जा सकता है।

फहीम इरफान ने दी इस्तीफा देने की चुनौती

इस पर फहीम इरफान ने भी चुनौती देते हुए कहा आप मेरे गांव की बजाय पश्चिमी यूपी के किसी भी जिले की जांच करा लीजिए। अगर सरकारी आंकड़ों और जमीनी हकीकत में अंतर नहीं आया, तो मैं विधानसभा से इस्तीफा दे दूंगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से भी जांच कराने की मांग की।

मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने आगे कहा कि यह कोई छोटी योजना नहीं है, लाखों घरों तक पानी पहुंचाना है। उन्होंने स्वीकार किया कि काम में कुछ दिक्कतें आ रही हैं, जैसे लोग पाइप तोड़ देते हैं, लेकिन उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगर कोई कंपनी काम में लापरवाही करेगी, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और उसे जेल भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि बाकी बचे काम इस साल के अंत तक पूरे कर लिए जाएंगे।

 

Also Read: Hapur News: 50 हजार की रिश्वत लेते जेई गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई से मचा…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.