लखनऊ-सीतापुर हाईवे पर हंगामा, सड़क हादसे में युवक की मौत से गुस्साए लोगों ने हाईवे किया जाम
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ में एक सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद गुरुवार को जमकर हंगामा हुआ। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने लखनऊ-सीतापुर हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे करीब 2 किलोमीटर लंबा जाम लग गया और यातायात एक घंटे तक रुका रहा। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस भी हुई।
सड़क हादसे में हुई थी युवक की मौत
यह घटना बख्शी का तालाब (बीकेटी) थाना क्षेत्र में बाबा पुरवा गांव के पास हुई। बुधवार देर शाम बाबा पुरवा निवासी 32 वर्षीय ललित की एक सड़क हादसे में मौत हो गई थी। गुरुवार को जब पोस्टमार्टम के बाद उनका शव गांव लाया जा रहा था, तो परिजनों ने पुलिस की ढिलाई के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने हादसे के जिम्मेदार ड्राइवर के खिलाफ न तो मुकदमा दर्ज किया है और न ही उसे गिरफ्तार किया है। वे मांग कर रहे थे कि जब तक आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी, तब तक जाम नहीं खोला जाएगा।
पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच नोकझोंक
मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन वे पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। जब बीकेटी थाना प्रभारी ने बलपूर्वक जाम खुलवाने की कोशिश की, तो प्रदर्शनकारी और भड़क गए। बाद में, गांव के प्रधान के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ और पुलिस ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम खुल सका।
मृतक ललित अपने पीछे पत्नी रानी और तीन छोटे बच्चों (मयंक-10, अहम-6 और वर्षा-1) को छोड़ गए हैं। वह अपनी पत्नी के साथ एक रिश्तेदारी से लौट रहे थे, जब यह हादसा हुआ। उन्होंने अपनी पत्नी को एक टैक्सी में बैठा दिया था और खुद चाचा की मोटरसाइकिल वापस करने अपने गांव जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
Also Read: Lucknow News: ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने की जनसुनवाई, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

