Ayodhya News: सपा के PDA महासम्मेलन में कुर्सी को लेकर हंगामा, अखिलेश यादव ने दी शुभकामनाएं
Ayodhya News: समाजवादी पार्टी की ओर से अयोध्या में आयोजित पहले ‘पीडीए महासम्मेलन’ में शनिवार को जमकर हंगामा देखने को मिला। सहादतगंज पॉलिटेक्निक के सामने फॉरएवर लॉन में हो रहे इस सम्मेलन में सपा सांसद अवधेश प्रसाद मुख्य अतिथि थे, लेकिन उनके आने से पहले ही मंच पर बैठने की जगह को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच विवाद शुरू हो गया।
यह कार्यक्रम सामाजिक न्याय और पिछड़े वर्ग की भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्रित था, लेकिन मंच पर ही कार्यकर्ताओं के बीच अनुशासनहीनता की तस्वीर देखने को मिली। स्थिति को संभालने के लिए कई वरिष्ठ नेताओं को बीच-बचाव करना पड़ा। बताया जा रहा है कि इस विवाद की जड़ केवल कुर्सी थी, कौन कहाँ बैठेगा, इसी बात पर कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। कार्यकर्ताओं के इस बर्ताव से पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी भी नाराज़ दिखे।

अखिलेश यादव ने कार्यक्रम को लेकर दी शुभकामनाएं
कुछ दिन पहले ही सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने राज्यभर के सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को संविधान और आरक्षण के विषय पर पीडीए महापंचायत या पीडीए सम्मेलन आयोजित करने का निर्देश दिया था। अयोध्या में शनिवार को उन्हीं निर्देशों के तहत इस कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
दिलचस्प बात यह है कि समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने शनिवार सुबह ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में अयोध्या के इस कार्यक्रम को लेकर बधाई और शुभकामनाएं भी दी थीं। उन्होंने लिखा, समस्त पीडीए समाज को आरक्षण दिवस एवं संविधान-मान स्तंभ स्थापना दिवस के साथ ही अयोध्या में आयोजित प्रथम पीडीए महासम्मेलन की अपार सफलता के लिए हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई।
अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में आगे संविधान के महत्व पर जोर देते हुए लिखा, भारत के संविधान की प्रति के सानिध्य में संविधान-मान स्तंभ स्थापना दिवस आयोजित करके हम सामाजिक न्याय व समता-समानता और आरक्षण को बचाए-बनाए रखने का अपना संकल्प दोहरा रहे हैं।
इसके पीछे यही मूल भावना है कि संविधान-मानस्तंभ वस्तुतः पीडीए-प्रकाश स्तंभ के रूप में हमारे सामाजिक न्याय के राज की स्थापना के संकल्प का मार्ग सदैव प्रकाशित और प्रशस्त करता रहे। जब संविधान बचेगा तभी आरक्षण बचेगा। संविधान ही ढाल है, संविधान ही कवच है।
Also Read: Test Record: विराट कोहली का ये रिकॉर्ड कभी नहीं तोड़ पाएंगे जो रूट, जानें क्यों?

