यूपी में शिक्षा पर घमासान, बेसिक शिक्षा मंत्री बोले- कोई भी स्कूल बंद नहीं किया जाएगा
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश विधानसभा सत्र के दौरान बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने शिक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विपक्ष के तीखे हमलों का जोरदार जवाब दिया। उन्होंने छात्रों के नामांकन, शिक्षकों की नियुक्ति और स्कूलों के विलय (मर्जर) जैसे सवालों पर विपक्ष को आंकड़ों से घेरा। मंत्री ने कहा कि विपक्ष ने स्कूलों के विलय पर जनता को गुमराह किया है, जबकि सरकार ने शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं।
मंत्री ने सदन में बताया कि वर्तमान में प्रदेश के परिषदीय स्कूलों में कुल 1.48 करोड़ से ज्यादा छात्र-छात्राएं पढ़ रहे हैं। इन छात्रों को पढ़ाने के लिए 6.28 लाख से ज्यादा शिक्षक, शिक्षामित्र और अनुदेशक तैनात हैं।
प्राथमिक स्कूल: 1 करोड़ 4 लाख से अधिक छात्रों के लिए 3.38 लाख शिक्षक और 1.43 लाख शिक्षामित्र हैं।
उच्च प्राथमिक स्कूल: 43 लाख से अधिक छात्रों के लिए 1.20 लाख शिक्षक और 25,223 अनुदेशक हैं।
मंत्री ने बताया कि छात्र-शिक्षक अनुपात (primary education ratio) प्राथमिक में 30:1 और उच्च प्राथमिक में 35:1 के हिसाब से पूरी तरह संतुलित है।
‘स्कूल बंद नहीं किए गए, सिर्फ पेयरिंग हुई है’
विपक्ष के स्कूल बंद करने के आरोपों को मंत्री ने सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार ने एक भी स्कूल बंद नहीं किया है। केवल 1 किलोमीटर के दायरे और 50 से कम छात्रों वाले स्कूलों को पास के संसाधनयुक्त स्कूलों में जोड़ा गया है, ताकि बच्चों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। जिन स्कूलों को खाली किया गया है, उनमें ICDS विभाग के साथ मिलकर प्री-प्राइमरी और नर्सरी कक्षाएं चलाई जा रही हैं। अब तक 3000 से अधिक स्कूलों में यह व्यवस्था शुरू हो चुकी है।
बच्चों के एडमिशन की उम्र 4 साल करने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि RTE नियमों के तहत यह संभव नहीं है, क्योंकि पूरे देश में 3 से 6 साल के बच्चों के लिए आंगनवाड़ी में पढ़ाई और पोषण की व्यवस्था है।
मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि 2017 से अब तक जितना काम शिक्षा के क्षेत्र में हुआ है, उतना पिछली किसी सरकार में नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के समय 3.45 करोड़ बच्चे स्कूलों से दूर थे, जबकि हमारी सरकार ने अभियान चलाकर बच्चों को स्कूल तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए लगातार काम कर रही है और हर जिले में मॉडल कंपोजिट स्कूल बना रही है।
Also Read: ब्रजेश पाठक का अखिलेश यादव पर हमला, बोले- सपा कर रही है समाज को बांटने की राजनीति

