VIDEO: ‘गोली मार दूंगा…’ लखनऊ में फॉर्च्यूनर की सर्विस को लेकर बवाल, सपा नेता ने सुपरवाइजर पर ताना पिस्टल
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। सुल्तानपुर के समाजवादी पार्टी (सपा) नेता शहाबुद्दीन उर्फ इरफान और उनके भाई शावेज़ उर्फ खुर्रम ने अपनी फॉर्च्यूनर कार की सर्विस को लेकर हुए मामूली विवाद में एक वर्कशॉप सुपरवाइजर पर पिस्टल तान दी। उन्होंने सुपरवाइजर को लात-घूंसों और पिस्टल के बट से जमकर पीटा और जान से मारने की धमकी भी दी।
कैसे हुआ पूरा मामला?
यह घटना चिनहट स्थित एक टोयोटा वर्कशॉप की है। शहाबुद्दीन अपने भाई के साथ अपनी फॉर्च्यूनर की सर्विस कराने आए थे। किसी बात पर उनकी वर्कशॉप सुपरवाइजर प्रमोद विश्वकर्मा से कहासुनी हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि शहाबुद्दीन ने अपनी पिस्टल निकालकर सुपरवाइजर पर तान दी। उन्होंने जाते-जाते धमकी दी कि एक हफ्ते के भीतर उसे गोली मार देंगे।
इस पूरी घटना का वीडियो किसी ने बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जहां यह तेजी से वायरल हो गया। वायरल वीडियो में दोनों भाई सुपरवाइजर के साथ गाली-गलौज करते और उसे पीटते हुए साफ नजर आ रहे हैं।
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को सुल्तानपुर में उनके घर से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी शहाबुद्दीन का संबंध बाहुबली मुख्तार अंसारी और अतीक अहमद से रहा है। इस घटना के बाद शहाबुद्दीन की सपा प्रमुख के साथ एक तस्वीर भी सामने आई है। पुलिस फिलहाल इस मामले में आगे की जांच कर रही है।
Also Read: लोकसभा में बिना चर्चा के पास हुआ ऑनलाइन गेमिंग बिल, अश्विनी वैष्णव ने बताया क्यों है जरूरी?

