SIR पर सियासी घमासान: डिप्टी CM केशव मौर्य बोले- बीएलओ राहुल-अखिलेश के बहकावे में न आएं

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के दौरान राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। SIR में लगे कुछ बीएलओ की दुःखद मौत के बाद विपक्ष द्वारा सरकार पर लगातार हमले किए जा रहे हैं। इसी बीच, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सभी बीएलओ (BLO) से बड़ी अपील करते हुए विपक्ष पर जोरदार हमला बोला है।

डिप्टी सीएम का बीएलओ को संदेश

केशव प्रसाद मौर्य ने सभी बीएलओ से अपील की है कि वे किसी भी तरह से हताश या निराश न हों और न ही विपक्ष के बहकावे में आएं। उन्होंने कहा कि “कोई भी बीएलओ राहुल गांधी या अखिलेश यादव के बहकावे में न आए, क्योंकि ये लोग दुष्प्रचार कर रहे हैं और अफवाह फैलाने का काम कर रहे हैं। सभी बीएलओ पूरी हिम्मत के साथ अपने कर्तव्य का पालन करें, यह अभियान लोकतंत्र की मजबूती के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।” उन्होंने कहा कि इस अभियान को सफलतापूर्वक पूरा कराने का दायित्व बीएलओ के कंधों पर है और यह सिर्फ कुछ समय के लिए है।

विपक्ष पर करारा हमला

उप मुख्यमंत्री ने एसआईआर का विरोध कर रहे विपक्षी दलों पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष के आचरण से बिहार की जनता बेहद नाराज थी और उसने विधानसभा चुनाव में सबक सिखाने का काम किया है।

उन्होंने एसआईआर को लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि वोटर लिस्ट से फर्जी वोटर, मृतक वोटर, घुसपैठिए और डुप्लीकेट वोटरों के नाम हटने चाहिए। उनकी जगह उन युवा वोटरों के नाम वोटर लिस्ट में जुड़ने चाहिए, जो अभी तक वोटर नहीं बन पाए हैं।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी (सपा), टीएमसी, आरजेडी समेत तमाम विपक्षी दल अफवाह फैला रहे हैं, जिससे अंततः उन्हें ही नुकसान उठाना पड़ेगा, क्योंकि जनता बहुत जागरूक है। विपक्षी दल लगातार SIR की समय सीमा बढ़ाने की मांग कर रहे थे, जिसके बाद इसे 7 दिनों के लिए बढ़ाया गया है।

Also Read: SIR अभियान में बीएलओ की जिम्मेदारी बढ़ी: ASD मतदाताओं की प्रोजनी मैपिंग के निर्देश, SDM ने की समीक्षा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.