महाशिवरात्रि पर रुद्राभिषेक और पूजा-अर्चना…, CM योगी ने की व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग

Sandesh Wahak Digital Desk: आज, 26 फरवरी को महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर महाकुंभ 2025 का समापन हो रहा है। इस महत्वपूर्ण दिन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में मौजूद हैं, जहां से वह महाकुंभ की व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।

सीएम योगी ने गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दरबार में दूर-दराज से आए लोगों की समस्याएं भी सुनीं और उनके समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। इसके अलावा, महाशिवरात्रि के अवसर पर भोलेनाथ की पूजा-अर्चना के बाद रुद्राभिषेक भी किया।

सीएम योगी आदित्यनाथ महाकुंभ के अंतिम स्नान पर्व पर भी सुबह से ही अलर्ट दिखाई दिए। जैसे कि पिछले अमृत स्नान और स्नान पर्वों में हुआ था, सीएम योगी तड़के ही व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए कंट्रोल रूम पहुंचे। गोरखपुर प्रवास के दौरान उनके लिए गोरखनाथ मंदिर में ही एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया, जहां से वह महाकुंभ की पल-पल की मॉनिटरिंग कर रहे थे।

जनता दरबार में लोगों से की मुलाकात 

सीएम ने तड़के कंट्रोल रूम पहुंचकर महाकुंभ का लाइव जायजा लिया। इसके बाद, उन्होंने जनता दरबार में लोगों से मुलाकात की, जहां कुछ देर बच्चों से मिलकर उन्हें टॉफी और चॉकलेट वितरित की। इसके बाद, उन्होंने मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक और हवन किया।

महाशिवरात्रि स्नान के साथ ही महाकुंभ-2025 का समापन हो जाएगा। इस अवसर पर सीएम योगी ने स्नान पर्व के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था के संदर्भ में पूरी स्थिति का जायजा लिया। गोरखपुर में वह सुबह से ही गोरखनाथ मंदिर स्थित कंट्रोल रूम में पहुंचकर टीवी पर स्नान पर्व की लाइव फीड पर निगरानी करते रहे। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रहें।

महाकुंभ के समापन के दिन सीएम योगी की सक्रियता और उनकी उपस्थिति ने आयोजन की सुरक्षा और व्यवस्था को और भी सुदृढ़ किया, जिससे श्रद्धालुओं को कोई परेशानी नहीं हुई।

Also Read: Mahakumbh 2025: महाशिवरात्रि पर अंतिम महास्नान, संगम पर उमड़ा आस्था का सैलाब

Get real time updates directly on you device, subscribe now.