अफवाहों पर लगा ब्रेक, सुनीता आहूजा बोलीं- गोविंदा सिर्फ मेरा है
Sandesh Wahak Digital Desk: अभिनेता गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा ने अपने तलाक की अफवाहों को सिरे से खारिज कर दिया है। गणेश चतुर्थी के मौके पर दोनों ने एक साथ मीडिया से बात की और कहा कि वे पूरी तरह से साथ हैं। इस दौरान दोनों मैचिंग मैरून भारतीय परिधान में नजर आए।
मीडियाकर्मियों से बात करते हुए सुनीता आहूजा ने कहा, आज हम इस तरह इतने करीब दिख रहे हैं, क्या यह मीडिया के लिए एक तमाचा नहीं है? अगर हमारे बीच कुछ भी गड़बड़ होती, तो हम इतने करीब कैसे होते? हमारे बीच दूरियां आ जातीं। उन्होंने आगे कहा, कोई भी हमें अलग नहीं कर सकता। मेरा गोविंदा सिर्फ मेरा है और किसी और का नहीं। जब तक हम कुछ न कहें, कृपया कुछ भी न लिखें।

कहाँ से उड़ी थीं तलाक की अफवाहें
पिछले हफ्ते एक खबर में दावा किया गया था कि सुनीता ने 5 दिसंबर, 2024 को बांद्रा कुटुंब अदालत में तलाक के लिए अर्जी दी थी। इस खबर में व्यभिचार, क्रूरता और परित्याग का हवाला दिया गया था। गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने इन खबरों को पुरानी खबर बताते हुए खारिज कर दिया था। उन्होंने कहा था कि सुनीता ने छह-सात महीने पहले तलाक की अर्जी दी थी, लेकिन अब सब कुछ सुलझ रहा है। फरवरी में सुनीता द्वारा यह खुलासा किए जाने के बाद कि वे अलग-अलग घरों में रह रहे हैं, उनके तलाक की अफवाहें शुरू हुई थीं।

