ग्रामीण कांक्लेव 2025 : पद्मश्री रामशरण वर्मा का ‘ग्रो फॉर्म’ बना कृषि पर्यटन का केंद्र
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा ग्रामीण पर्यटन एवं कृषि पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित ग्रामीण कांक्लेव 2025 का शुभारंभ 21 अगस्त को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह द्वारा किया गया।
कांक्लेव के दूसरे दिन, 22 अगस्त को प्रतिभागियों ने बाराबंकी स्थित पद्मश्री सम्मानित प्रगतिशील किसान रामशरण वर्मा के विकसित ‘ग्रो फॉर्म’ का भ्रमण किया। यह फॉर्म अब कृषि पर्यटन का प्रमुख केंद्र बन चुका है।

इस अवसर पर प्रदेशभर से आए लगभग 50 फार्म-स्टे संचालकों और प्रगतिशील किसानों ने सहभागिता की। उन्होंने आधुनिक कृषि पद्धतियों, बागवानी तकनीकों और फार्म-स्टे मॉडल का अवलोकन किया तथा साझा किया कि पर्यटन को कृषि से जोड़कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसानों की आय में कैसे नई संभावनाएँ पैदा हो सकती हैं।
बाराबंकी निवासी पद्मश्री रामशरण वर्मा ने अपने अनुभवों और नवाचारों को विस्तार से बताते हुए कहा कि कृषि को पर्यटन से जोड़ना न केवल किसानों के लिए आय का नया स्रोत है, बल्कि ग्रामीण संस्कृति को सहेजने का भी माध्यम है।

पर्यटन विभाग से जुड़े सुमित श्रीवास्तव और ऐश्वर्या ने उत्तर प्रदेश पर्यटन नीति 2022 की प्रमुख विशेषताओं की जानकारी दी और बताया कि राज्य सरकार कृषि पर्यटन एवं ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई रियायतें और अवसर प्रदान कर रही है।

आयोजन संस्था आधारशिला संस्थान की ओर से मंडलीय संयोजक शशिभूषण सिंह ने सभी आगंतुकों का स्वागत एवं धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने अयोध्या मंडल के विभिन्न जनपदों में चल रही ग्रामीण एवं कृषि पर्यटन गतिविधियों की विस्तृत जानकारी भी प्रस्तुत की।
Also Read: UP: श्रावस्ती के 30 मदरसों को फिर से खोलने का आदेश, हाईकोर्ट ने रद्द किया बंद करने का नोटिस

