Russia–Ukraine War: रूस-यूक्रेन में युद्धविराम की बनी संभावना, शांति वार्ता से पहले लगा यूक्रेन को झटका !

Russia–Ukraine War: रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच शांति वार्ता की संभावनाओं के बावजूद, रूस ने यूक्रेन पर घातक मिसाइल हमले किए हैं, जिनमें कम से कम पांच नागरिकों की मौत हो गई है। यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार, ये हमले ऐसे समय में हुए हैं जब सऊदी अरब में कीव और वाशिंगटन के बीच हुई बातचीत के बाद अमेरिका ने यूक्रेन को दी जाने वाली सैन्य सहायता पर लगी रोक हटा ली है।

ओडेसा बंदरगाह पर हमला

यूक्रेन के बुनियादी ढांचा मंत्री ओलेक्सी कुलेबा ने बताया कि रूस की बैलिस्टिक मिसाइलों ने ओडेसा बंदरगाह पर खड़े एक जहाज को निशाना बनाया, जिससे उस पर मौजूद 18 से 24 वर्ष की उम्र के चार सीरियाई नागरिकों की मौत हो गई। यह हमला उस समय हुआ जब जहाज पर अल्जीरिया के लिए यूक्रेनी गेहूं लादा जा रहा था।

राष्ट्रपति जेलेंस्की के गृहनगर पर हमला

कुलेबा के अनुसार, रूस ने मध्य यूक्रेन में राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के गृहनगर क्रीवीह रिह में भी मिसाइल हमला किया, जिसमें एक महिला की मौत हो गई। इन हमलों ने यूक्रेन के नागरिकों में भय और असुरक्षा की भावना को और बढ़ा दिया है।

अमेरिका का युद्धविराम समर्थन

अमेरिका दोनों पक्षों के बीच युद्धविराम का समर्थन कर रहा है। वार्ता में अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने वाले विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा कि वाशिंगटन यूक्रेन के युद्धविराम प्रस्ताव को क्रेमलिन के समक्ष रखेगा। उन्होंने कहा, “हम रूसियों को इस पेशकश से अवगत कराएंगे। यूक्रेन गोलीबारी रोककर बातचीत शुरू करने के लिए तैयार है और अब यह रूस पर निर्भर करता है कि वे हां कहते हैं या ना।”

रूस की प्रतिक्रिया का इंतजार

क्रेमलिन ने फिलहाल अमेरिका और यूक्रेन के बीच सैन्य सहायता के संबंध में हुए समझौते और युद्धविराम की संभावनाओं पर कोई टिप्पणी नहीं की है। क्रेमलिन के प्रवक्ता दमित्रि पेस्कोव ने कहा कि यह महत्वपूर्ण है कि 30 दिन के युद्धविराम प्रस्ताव से जुड़े सवाल को “टाला न जाए।” उन्होंने कहा कि मॉस्को अमेरिका से इस संबंध में “विस्तृत जानकारी” मिलने का इंतजार कर रहा है और रूस जानकारी मिलने के बाद ही कोई रुख अपनाएगा।

अंतर्राष्ट्रीय प्रतिक्रिया

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने अमेरिका-यूक्रेन के बीच हुए नए समझौते का स्वागत किया है। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “गेंद अब स्पष्ट रूप से रूस के पाले में है।” इसके अलावा, ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ इस हफ्ते मॉस्को की यात्रा पर जा सकते हैं, जहां वे रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मिल सकते हैं।

बता दे, इन घटनाओं से स्पष्ट है कि युद्धविराम की चर्चाओं के बीच भी क्षेत्र में तनाव बना हुआ है, और सभी पक्षों की प्रतिक्रियाओं पर अंतर्राष्ट्रीय समुदाय की निगाहें टिकी हुई हैं।

Also Read: Attack On Pakistani Army: बलूचिस्तान में विद्रोहियों का कहर, पाकिस्तानी सेना पर बड़ा हमला, 50 बंधकों की हत्या

Get real time updates directly on you device, subscribe now.