रूस करेगा उत्तर प्रदेश में बड़ा निवेश, हज़ारों युवाओं को मिलेगा रोजगार का मौका

Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिका द्वारा भारत पर लागू किए जा रहे टैरिफ के बीच अब रूस के साथ व्यापार में तेजी देखने को मिल रही है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश की भूमिका अहम बन रही है। रूस की कंपनियां अब उत्तर प्रदेश में निवेश करेंगी और नए उद्योग स्थापित करेंगी, जिससे प्रदेश के लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

बीते रविवार को मास्को सरकार के निवेश और उद्योग नीति विभाग के मंत्री एवं अध्यक्ष अनातोली मिखाइलीविच ने उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी को रूस आने के लिए आमंत्रण पत्र सौंपा। इसके बाद उत्तर प्रदेश सरकार के प्रतिनिधिमंडल को मास्को दौरे के लिए आमंत्रित किया गया।

मास्को के प्रतिनिधिमंडल ने भेजा आमंत्रण

जानकारी के मुताबिक, आमंत्रण मिलने के बाद उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधिमंडल बहुत जल्द ही रूस दौरे पर रवाना हो सकता है। औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने मास्को सरकार के प्रतिनिधियों का खुले तौर पर स्वागत किया और यूपी सरकार की ओर से हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।

नंदी ने कहा, “देश का ग्रोथ इंजन बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा उत्तर प्रदेश निवेश के लिए सबसे अनुकूल जगह है। हम मास्को प्रतिनिधिमंडल को हर संभव सहयोग प्रदान करेंगे।” इस प्रतिनिधिमंडल में रूस के निवेश और उद्योग नीति विभाग की प्रतिनिधि इरीना पिंगोरिना और टेक्नोपोलिस मास्को के आधिकारिक भारतीय प्रतिनिधि अमरदीप भी शामिल थे।

यूपी में निवेश के लिए तैयार हैं रूसी कंपनियां

मास्को प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि भारत सरकार द्वारा ‘मेक इन इंडिया’ अभियान की दिशा और कार्यप्रणाली से रूस बेहद प्रभावित है और वह इस अभियान से जुड़ना चाहता है। इसी कड़ी में रूस की कई कंपनियां उत्तर प्रदेश में अपने उद्योग स्थापित करने की योजना बना रही हैं।

इसके अलावा, रूस की सरकार नोएडा में टेक्नोपोलिस मास्को के विशेष आर्थिक क्षेत्र (SEZ) की भी शाखा स्थापित करने की योजना पर काम कर रही है। उत्तर प्रदेश के मंत्री के अनुसार, इससे दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग और मजबूती बढ़ेगी।

Also Read: ‘आई लव मोहम्मद’ विवाद: मौलाना तौकीर रज़ा का दफ़्तर सील, FIR में कई बड़े खुलासे

Get real time updates directly on you device, subscribe now.