रूस के ताबड़तोड़ हमलों से यूक्रेन के 12 क्षेत्रों में बिजली गुल, आधे देश में ब्लैकआउट का दावा

Russia Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध में ऊर्जा ठिकाने एक बार फिर निशाने पर हैं। यूक्रेन ने दावा किया है कि रूस ने रात और सुबह कई क्षेत्रों में ऊर्जा सुविधाओं पर हमले किए, जिससे बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। सरकारी बिजली कंपनी उक्रेनर्गो के मुताबिक, 20 अक्टूबर की सुबह देश के 12 क्षेत्रों में बिजली कटौती दर्ज की गई। वहीं, कीव इंडिपेंडेंट की रिपोर्ट में दावा किया गया कि ताजा हमलों के कारण आधे यूक्रेन में बिजली गुल हो गई।

यूक्रेन के ऊर्जा मंत्रालय के पहले उप मंत्री आर्टेम नेक्रासोव के अनुसार, हमलों में किरोवोहराद, झितोमिर, लवीव, ओडेसा, रिव्ने, टेरनोपिल और खमेलनित्स्की क्षेत्रों की ऊर्जा सुविधाओं को निशाना बनाया गया। इसके चलते कई उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति बाधित हुई।

12 क्षेत्रों में बिजली कटौती, उद्योगों पर भी असर

उक्रेनर्गो ने बताया कि बिजली कटौती से प्रभावित क्षेत्रों में ये इलाके शामिल हैं:

  • किरोवोहराद, झितोमिर और लवीव
  • ओडेसा, रिव्ने, टेरनोपिल और खमेलनित्स्की
  • जापोरिज्जिया, दोनेत्स्क, खारकीव, सूमी और चेर्निहाइव

कंपनी के मुताबिक, पहले से क्षतिग्रस्त बिजली उपकरणों पर अतिरिक्त दबाव रोकने के लिए पूरे देश में औद्योगिक बिजली आपूर्ति सीमित की जाएगी। कुछ क्षेत्रों में हर घंटे बिजली कटौती का शेड्यूल भी लागू किया जाएगा।

यूक्रेनी ऊर्जा मंत्रालय ने रूस पर व्यवस्थित तरीके से ऊर्जा ढांचे को निशाना बनाने का आरोप लगाया है। यूक्रेन 2022 में शुरू हुए रूस के पूर्ण पैमाने के हमले के बाद पांचवीं सर्दी की ओर बढ़ रहा है। ऐसे में बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

जेलेंस्की ने 28 ऊर्जा ठिकानों पर हमले का दावा किया

इससे एक दिन पहले यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की (Volodymyr Zelenskyy) ने दावा किया था कि रूस ने मिसाइलों और ड्रोन की एक और लहर से देश के 28 बिजली सबस्टेशनों और ऊर्जा से जुड़े अन्य अहम ठिकानों पर हमला किया।

जेलेंस्की के मुताबिक, उस हमले में 16 बैलिस्टिक मिसाइलों और 200 से ज्यादा ड्रोन का इस्तेमाल हुआ। उन्होंने कहा था कि हमले का केंद्र कीव और उसके आसपास का क्षेत्र था। ताजा हमलों के बाद यूक्रेन में बिजली आपूर्ति बहाल करने और ऊर्जा ढांचे पर दबाव कम करने की चुनौती बढ़ गई है।

Also Read: इटली में हिंसक प्रदर्शन से बिगड़े हालात, मेलोनी ने बुलाई इमरजेंसी बैठक, भारतीयों के लिए अलर्ट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.