पीएम मोदी से मिले रूसी उप प्रधानमंत्री, कृषि और खाद्य सुरक्षा पर सहयोग बढ़ाने पर जोर

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को रूस के उप प्रधानमंत्री दिमित्री पेत्रुशेव से मुलाकात की। यह बैठक वर्ल्ड फूड इंडिया 2025 कार्यक्रम के अवसर पर हुई, जिसमें दोनों नेताओं ने कृषि, उर्वरक, खाद्य प्रसंस्करण और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग को और मज़बूत करने पर विस्तार से चर्चा की।

मुलाकात के दौरान, प्रधानमंत्री मोदी ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के लिए शुभकामनाएँ व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि वे जल्द ही भारत में होने वाले 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए राष्ट्रपति पुतिन का स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं।

पीएम मोदी ने इस बैठक के बाद ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, वर्ल्ड फूड इंडिया 2025 के अवसर पर रूस के उपप्रधानमंत्री दिमित्री पेत्रुशेव से मिलकर प्रसन्नता हुई। हमने कृषि, उर्वरक और खाद्य प्रसंस्करण में हमारे विन-विन सहयोग को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस उच्च-स्तरीय मुलाकात से दोनों देशों के बीच खाद्य सुरक्षा, कृषि तकनीक और सप्लाई चेन के क्षेत्र में साझेदारी और भी गहरी होगी। भारत और रूस के बीच रक्षा और ऊर्जा के अलावा, अब कृषि एक नए और महत्वपूर्ण आयाम के रूप में उभर रहा है। वर्ल्ड फूड इंडिया 2025 कार्यक्रम का उद्घाटन भी गुरुवार की शाम को प्रधानमंत्री मोदी ने किया था। यह कार्यक्रम भारत को एक वैश्विक खाद्य केंद्र के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है।

इस अवसर पर पीएम मोदी ने कहा कि बीते 10 वर्षों में भारत की फूड प्रोसेसिंग क्षमता में 20 गुना वृद्धि हुई है। उन्होंने छोटे और सीमांत किसानों पर जोर देते हुए कहा कि हमने ऐसी नीतियाँ और समर्थन प्रणाली विकसित की है जिससे आज छोटा किसान बाज़ार की एक बड़ी ताक़त बन रहा है।

Also Read: सिद्धार्थनगर में ‘मिशन शक्ति’ के तहत एंटी रोमियो स्क्वाड की चेकिंग, महिलाओं को किया जागरूक

Get real time updates directly on you device, subscribe now.