UP के मुरादाबाद के सबीह खान बने Apple के COO, टिम कुक भी करते हैं तारीफ

Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय मूल के सबीह खान को एप्पल ने एक बेहद अहम और बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। सबीह खान इस महीने के अंत तक कंपनी में चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (COO) का पद संभालेंगे। वह मौजूदा सीओओ जेफ विलियम्स की जगह लेंगे, जो 2025 के अंत में रिटायर हो रहे हैं। यह भारत के लिए भी गर्व की बात है कि उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में जन्मे सबीह खान, जो पिछले 30 सालों से एप्पल के साथ जुड़े हुए हैं, अब कंपनी के शीर्ष परिचालन प्रमुख बनेंगे। फिलहाल वह ऑपरेशंस में सीनियर वाइस प्रेसिडेंट की भूमिका निभा रहे हैं।

कौन हैं सबीह खान

सबीह खान का जन्म सन् 1966 में उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में हुआ था। जन्म के कुछ समय बाद ही उनका परिवार सिंगापुर चला गया और फिर वे अमेरिका में बस गए। उन्होंने टफ्ट्स यूनिवर्सिटी से अर्थशास्त्र और मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डबल ग्रेजुएशन किया। इसके बाद, न्यूयॉर्क के रेंससेलर पॉलिटेक्निक इंस्टीट्यूट से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में मास्टर डिग्री हासिल की।

एप्पल के साथ तीन दशक का शानदार सफर

1995 में जीई प्लास्टिक्स में एप्लीकेशन डेवलपमेंट इंजीनियर और प्रमुख अकाउंट टेक्निकल लीडर के रूप में काम करने के बाद, सबीह खान एप्पल से जुड़े। धीरे-धीरे उन्होंने प्रोडक्ट क्वालिटी और सप्लाई चेन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं। साल 2019 में उन्हें ऑपरेशंस में वाइस प्रेसिडेंट का पद मिला। पिछले कई सालों से उन्होंने एप्पल के सबसे इनोवेटिव प्रोडक्ट्स को बाजार में लाने और कंपनी की वैश्विक परिचालन रणनीति को आकार देने में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

टिम कुक भी हैं सबीह खान के मुरीद

एप्पल के सीईओ टिम कुक ने भी सबीह खान की जमकर तारीफ की है। उन्होंने सबीह के एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग टेक्नोलॉजी, अमेरिका में मैन्युफैक्चरिंग के विस्तार और वैश्विक चुनौतियों के बीच एप्पल की दक्षता को बढ़ाने में उनकी भूमिका पर विशेष प्रकाश डाला। टिम कुक ने कहा कि सबीह खान के कुशल नेतृत्व में कंपनी का लगभग 60 फीसदी कार्बन फुटप्रिंट घटा है। उन्होंने सबीह को एक शानदार रणनीतिकार बताते हुए कहा कि उन्होंने एप्पल की सप्लाई चेन की देखरेख करते हुए एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग में नई टेक्नोलॉजी को आगे बढ़ाने में अहम योगदान दिया है।

Also Read: पटना से दिल्ली आ रही इंडिगो फ्लाइट में बर्ड हिट के बाद हड़कंप, जानें कैसे बची 169 यात्रियों की जान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.