सदर विधायक पलटू राम ने किया शुभारंभ, अब चमचमाती डबल लेन सड़क पर सफर करेगा बलरामपुर

Sandesh Wahak Digital Desk: बलरामपुर जिले के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। सालों से बदहाल पड़े महेशभारी-भैंसहवा मार्ग का आखिरकार निर्माण शुरू हो गया है। सदर विधायक पलटू राम ने शनिवार को भूमि पूजन और फीता काटकर इस बहुप्रतीक्षित सड़क परियोजना का शुभारंभ किया।

यह सड़क बलरामपुर को सीधे गोंडा, अयोध्या और बनारस जैसे जिलों से जोड़ती है। लंबे समय से खराब हाल में पड़ी इस सड़क के निर्माण की मांग क्षेत्रवासियों द्वारा लगातार की जा रही थी। करीब छह महीने पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बजट सत्र में इस सड़क के लिए 52 करोड़ 61 लाख 36 हज़ार रुपये स्वीकृत किए थे। अब उस वादे को पूरा करते हुए सड़क निर्माण कार्य शुरू हो गया है।

क्षेत्रवासियों में उत्साह, लगाया “योगी-मोदी जिंदाबाद” के नारे

भूमि पूजन कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी और हजारों ग्रामीण मौजूद रहे। सड़क निर्माण की शुरुआत पर क्षेत्र में जश्न का माहौल देखने को मिला। लोगों ने फूल-मालाओं से विधायक का स्वागत किया और “योगी-मोदी-पलटू राम जिंदाबाद” के नारे लगाए।

विधायक ने विपक्ष पर साधा निशाना

कार्यक्रम के दौरान विधायक पलटूराम ने विपक्षी दलों पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा, “यह सड़क पूर्व की सरकारों के समय कई बार कागजों पर बनी, लेकिन जमीन पर कभी काम नहीं हुआ। योगी सरकार ने जनता की परेशानी समझी और इस सड़क के लिए बजट जारी किया। अब क्षेत्र के लोग चमचमाती डबल लेन सड़क पर आसानी से सफर कर सकेंगे।”

अब जल्द चमकेगा बलरामपुर-गोंडा रोड

सदर विधायक पलटूराम ने बताया कि महेशभारी-भैंसहवा मार्ग डबल लेन मानक पर बनाया जाएगा। निर्माण पूरा होने के बाद यह सड़क बलरामपुर से गोंडा तक अन्य जिला मार्ग के तहत सुगम और सुरक्षित यात्रा का नया रास्ता बनेगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क बनने से क्षेत्र के व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को नई गति मिलेगी।

Also Read:  बलरामपुर: फर्जी सिपाही बन ठग ने बैटरी व्यापारी को लगाया 21 हजार का चूना, थाने का हवाला देकर हुआ फरार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.