सहारनपुर को 381 करोड़ की सौगात, सीएम योगी बोले- बुलेट ट्रेन है डबल इंजन सरकार

Sandesh Wahak Digital Desk: सहारनपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ₹381 करोड़ की 15 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण कर जनता को नई सौगात दी। इस मौके पर उन्होंने कहा, डबल इंजन की सरकार भैंसा गाड़ी नहीं, बल्कि बुलेट ट्रेन की रफ्तार से प्रदेश का विकास कर रही है।

सहारनपुर को मिल रही नई पहचान

योगी ने कहा कि सहारनपुर अब केवल उत्तर प्रदेश का एक कोना भर नहीं रहा, बल्कि यह विकास और विरासत का केंद्र बन रहा है। मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय के निर्माण और शाकुंभरी कॉरिडोर की योजना को इसका बड़ा उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि जाहर वीर गोगा के आश्रम का कायाकल्प किया गया है, जिन्होंने 900 साल पहले विदेशी आक्रांताओं से संघर्ष किया था।

युवाओं के लिए स्पोर्ट्स कॉलेज और स्मार्ट सिटी मिशन

योगी ने कहा कि प्रदेश के हर मंडल में स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं, ताकि युवा खेलों में अपना भविष्य बना सकें। उन्होंने सहारनपुर में स्मार्ट सिटी मिशन के तहत हो रहे कार्यों का जिक्र करते हुए कहा, “जब युवा खेलेगा, तभी खिलेगा।”

सीएम ने कहा कि अब दिल्ली से सहारनपुर मात्र तीन घंटे में पहुंचा जा सकता है। उन्होंने इसे डबल इंजन सरकार के तेज़ विकास का प्रमाण बताया। योगी ने सहारनपुर की लकड़ी की नक्काशी और फर्नीचर उद्योग की तारीफ करते हुए कहा कि इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई जाएगी। उन्होंने लोगों से स्वदेशी उत्पाद अपनाने की अपील की।

 

मुख्यमंत्री ने रक्षा बंधन पर महिलाओं के लिए 8, 9 और 10 अगस्त को मुफ्त बस सेवा की घोषणा की। साथ ही उन्होंने त्योहारों के दौरान स्वच्छता बनाए रखने और स्वतंत्रता दिवस पर हर घर तिरंगा फहराने की अपील की। योगी ने पूर्ववर्ती सरकारों पर जातिवाद और तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा कि पहले योजनाओं का लाभ केवल एक परिवार तक सीमित था, जबकि अब प्रदेश के हर नागरिक तक योजनाओं के लाभ पहुंच रहे हैं।

योजनाओं के लाभार्थियों को सौंपे प्रमाण पत्र और चाबी

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कई योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, प्रमाण पत्र, ट्रैक्टर और मकान की चाबियां सौंपीं। उन्होंने कहा कि यह सरकार केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर बदलाव कर रही है। कार्यक्रम में कई मंत्री, विधायक, अधिकारी और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

 

Also Read: CM नीतीश कुमार का शिक्षकों की बहाली में ऐतिहासिक निर्णय, बिहार डोमिसाइल नीति को मिली हरी झंडी

 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.