Saharanpur News: सैलरी न मिलने से परेशान कर्मचारी पानी की टंकी पर चढ़ा, आत्महत्या की धमकी

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कर्मचारी वेतन न मिलने से परेशान होकर पानी की टंकी पर चढ़ गया। सहायक कुक कमल सिंह ने हाथ में पेट्रोल की बोतल लेकर कूदकर जान देने की धमकी दी, जिसके बाद प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।

9 महीने से नहीं मिला था वेतन

कमल सिंह ने बताया कि जनवरी 2025 में आगरा के सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज से उनका तबादला पिलखनी स्थित मेडिकल कॉलेज में हुआ था, लेकिन तब से अब तक उन्हें एक भी महीने का वेतन नहीं मिला है। लगातार आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव से तंग आकर उसने यह कदम उठाया।

घटना की जानकारी मिलते ही मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य, सरसावा थाना पुलिस, एसडीएम और सीओ सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। डेढ़ घंटे तक कमल सिंह को समझाने की कोशिश की गई। इस दौरान उसकी भाभी और दो छोटे बच्चे भी नीचे खड़े होकर रोते हुए उससे नीचे उतरने की गुहार लगाते रहे।

पुलिस ने सुरक्षित उतारा

पुलिस और प्रशासन की टीम ने लगातार उसे शांत करने और सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश की। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत और परिजनों की भावनात्मक अपील के बाद आखिरकार कमल सिंह को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि कमल सिंह की वेतन और इंक्रीमेंट से जुड़ी जाँच चल रही है, जिस पर जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कर्मचारी को समझा-बुझाकर नीचे उतार लिया गया है और पूरे मामले की जाँच की जा रही है। वहीं, कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि अगर समय पर वेतन नहीं मिला तो ऐसी घटनाएँ दोबारा हो सकती हैं।

Also Read: UP STF का बड़ा एक्शन: 40 लाख की चरस के साथ अंतर्राष्ट्रीय तस्कर गिरोह के 4 सदस्य गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.